स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर धनबाद में ‘जल सेवा’ के उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
: टाउन हॉल में आयोजित समारोह में जल सेवा अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले जल सहिया, मुखिया, बीडीओ और कनीय अभियंताओं को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर किया गया सम्मानित

धनबाद I रिपोर्ट-सरबजीत सिंह : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर धनबाद के टाउन हॉल में जिला प्रशासन की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देशभक्ति और उत्साह से भरे इस कार्यक्रम में जिले में ‘जल सेवा’ अभियान के तहत उल्लेखनीय कार्य करने वाले कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
जिला प्रशासन ने जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों को चार अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए। इनमें जल सहियाओं को ‘जल मित्र’, उत्कृष्ट मुखिया को ‘आदर्श ग्राम जल अवार्ड’, उत्कृष्ट प्रखंड विकास पदाधिकारी को ‘Efficiency Excellence अवार्ड’ तथा उत्कृष्ट कनीय अभियंता को ‘Engineering Integrity अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्याओं के समाधान पर जोर
‘जल सेवा’ अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में खराब या बंद पड़े चापाकलों और जलापूर्ति योजनाओं से जुड़ी जन शिकायतों का त्वरित एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। इसके माध्यम से ग्रामीण आबादी को नियमित रूप से स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मौजूद वरीय प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी सम्मानित प्रतिभागियों के कार्यों की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा प्रत्येक ग्रामीण तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मियों और जनप्रतिनिधियों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
सम्मानित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कर्मियों ने भविष्य में भी इसी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ जनसेवा जारी रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज, डीआरडीए निदेशक श्री राजीव रंजन, अपर समाहर्ता श्री प्रदीप कुमार शुक्ला, एडीएम (विधि-व्यवस्था) श्री अरविंद ओझा तथा अनुमंडल पदाधिकारी श्री लोकेश बारंगे सहित जिला प्रशासन के कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।













