इंदिरा गांधी की जयंती पर धनबाद जिला कांग्रेस के प्रवक्ता पप्पु कुमार तिवारी ने दी श्रद्धांजलि
इंदिरा गांधी की जयंती पर धनबाद जिला कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन सह प्रवक्ता पप्पु कुमार तिवारी ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद किया।

धनबाद। रिपोर्ट-सरबजीत सिंह : देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री एवं भारतरत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती पर धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के मीडिया चेयरमैन सह प्रवक्ता पप्पु कुमार तिवारी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने इंदिरा गांधी के कार्यों, राष्ट्र के प्रति उनके योगदान और बलिदान को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
पप्पु कुमार तिवारी ने कहा कि इंदिरा गांधी भारतीय इतिहास की एक सशक्त स्तंभ थीं। उन्होंने विश्व राजनीति पर अपनी अमिट छाप छोड़ी। अपने निर्भीक फैसलों और दृढ़ निश्चय के कारण उन्हें ‘लौह महिला’ के नाम से जाना जाता है। देश की एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता के लिए उनके द्वारा उठाए गए कई कदम भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं।
उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने देशहित और आम लोगों के जीवन एवं आजीविका से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण फैसले लिए। वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान उनकी नेतृत्व क्षमता और नीतिगत निर्णयों ने इतिहास की दिशा बदलने में अहम भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में बांग्लादेश का उदय हुआ और दक्षिण एशिया का राजनीतिक भूगोल बदल गया।
पप्पु कुमार तिवारी ने आगे कहा कि बैंकों का राष्ट्रीयकरण, कोयला उद्योग का राष्ट्रीयकरण और रियासतों के प्रिवी पर्स समाप्त करने जैसे फैसले उनके कार्यकाल के महत्वपूर्ण कदमों में शामिल रहे। ‘गरीबी हटाओ’ के नारे के माध्यम से उन्होंने देश के गरीब और वंचित वर्गों के उत्थान का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि सभी लोग इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान से प्रेरणा लें तथा देशहित में कार्य करने का संकल्प करें।



