खरना पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता और मेयर सुधा गुप्ता ने छठ व्रतियों से की मुलाकात
विभिन्न क्षेत्रों में व्रतियों के आवास पर पहुंचकर ग्रहण किया खरना का प्रसाद, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की

जमशेदपुर । क्षेत्रीय संवाददाता : लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना के चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा के दूसरे दिन खरना के अवसर पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता और मानगो की मेयर सुधा गुप्ता ने जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों में छठ व्रतियों के आवास पर पहुंचकर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छठी मैया के चरणों में शीश नवाया और व्रतियों से खरना का प्रसाद ग्रहण किया।
बन्ना गुप्ता और सुधा गुप्ता ने छठ व्रतियों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं तथा छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की कामना की।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने सभी छठ व्रतियों और शहरवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ पूजा हमारी आस्था, श्रद्धा, पवित्रता और लोक संस्कृति का अनुपम पर्व है। यह पर्व सेवा, समर्पण, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव का संदेश देता है।
उन्होंने कामना की कि भगवान भास्कर और छठी मैया सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें तथा प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें।













