Advertisement
व्यापार

रेलवे कर्मचारियों की पदोन्नति और अलग यूनिफॉर्म पर रेलवे बोर्ड की बैठक में हुई चर्चा

ओपन टू ऑल के तहत पदोन्नति के अवसर बढ़ाने की मांग, वेंडरों के लिए अलग यूनिफॉर्म निर्धारित करने पर बनी सहमति

धनबाद। रिपोर्ट-सरबजीत सिंह :ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (AIRF) और रेलवे बोर्ड के बीच स्थाई वार्ता तंत्र (PNM) की महत्वपूर्ण बैठक में रेल कर्मचारियों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में ओपन टू ऑल के तहत पदोन्नति के अवसर बढ़ाने, कैडर रीस्ट्रक्चरिंग और एस्कॉर्टिंग स्टाफ, वेंडरों सहित विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों के लिए अलग-अलग यूनिफॉर्म निर्धारित करने जैसे विषय प्रमुख रहे।

इस संबंध में जानकारी देते हुए AIRF में ECRKU के जोनल सेक्रेटरी ओपी शर्मा और ECRKU के मंडल मीडिया प्रभारी एनके खवास ने संयुक्त रूप से बताया कि महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पार्ट PNM के सभी एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने बताया कि बैठक में इंजीनियरिंग विभाग के ट्रैक मेंटेनरों सहित अन्य रेल कर्मचारियों को पदोन्नति के अधिक अवसर उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। इसके लिए LDCE (Open to All) अथवा GDCE के माध्यम से पदोन्नति की व्यवस्था को बेहतर बनाने का सुझाव दिया गया। साथ ही संबंधित रिक्तियों में 25 प्रतिशत अतिरिक्त पद सुरक्षित रखने की मांग भी रखी गई। रेलवे बोर्ड के अधिकारियों ने इस विषय को गंभीरता से सुना।

बैठक में एस्कॉर्टिंग स्टाफ, वेंडरों और फ्रंटलाइन रेलवे कर्मचारियों के यूनिफॉर्म का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इनमें लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर और तकनीशियन जैसे कर्मचारी शामिल हैं। फेडरेशन ने तर्क दिया कि इन कर्मचारियों की जिम्मेदारियां और कार्यक्षेत्र अलग-अलग हैं, इसलिए उनकी पहचान के लिए यूनिफॉर्म भी अलग होनी चाहिए।

चर्चा के दौरान वेंडरों के लिए अलग यूनिफॉर्म निर्धारित करने पर सहमति बनी। इससे यात्रियों को एस्कॉर्टिंग स्टाफ, वेंडरों और रेलवे के अन्य फ्रंटलाइन कर्मचारियों की पहचान करने में आसानी होगी।

बैठक में फेडरेशन की ओर से AIRF के उपाध्यक्ष सह ECRKU महामंत्री एसएनपी श्रीवास्तव, जेआर भोसले, एसके त्यागी, मुकेश माथुर और एलएन पाठक सहित विभिन्न जोनल यूनियनों के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों का पक्ष रखा।

रेलवे बोर्ड की ओर से मेंबर इंफ्रास्ट्रक्चर, PED/IR, AM/HR, ED/EN सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

ECRKU धनबाद मंडल के मीडिया प्रभारी एनके खवास, ECRKU के अपर महामंत्री सह AIRF वर्किंग कमेटी सदस्य मो. ज़्याउद्दीन, केंद्रीय संगठन मंत्री नेताजी सुभाष सहित यूनियन के सक्रिय सदस्यों ने बैठक में हुई सकारात्मक चर्चा के आधार पर रेल कर्मचारियों के हित में आवश्यक निर्णय लिए जाने की उम्मीद जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}