रांची में SIR-2026 की समीक्षा तेज, 30 नवंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन, SIR में धीमी प्रगति पर बुंडू के अधिकारियों को चेतावनी; छठ घाटों की सफाई और आदिवासी भूमि की सुरक्षा पर भी निर्देश।

रांची | क्षेत्रीय संवाददाता : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तैयारियों को लेकर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्वाचन संबंधी अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन आगामी 30 नवंबर को निर्धारित है। इसे देखते हुए सभी संबंधित अधिकारी शेष कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा करें।
बैठक में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), जिला उपनिर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने SIR-2026 के तहत अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी ERO और AERO को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची की गहन जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अंतिम प्रकाशन से पहले सभी प्रविष्टियों की समीक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति न रहे।
निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अभिलेखों के रखरखाव पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि SIR के दौरान प्राप्त प्रपत्र, नोटिस, सुनवाई से संबंधित दस्तावेज, निष्पादन प्रतिवेदन और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सुरक्षित रखे जाएं। सभी दस्तावेजों का उचित वर्गीकरण, सूचीकरण और व्यवस्थित भंडारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें आसानी से उपलब्ध कराया जा सके।

लापरवाही पर शोकॉज, तीन दिन में सुधार नहीं तो निलंबन
SIR कार्यों की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उपायुक्त ने एलआरडीसी, बुंडू छवि बाला और अंचल अधिकारी, बुंडू हंस हेम्ब्रम को शोकॉज करने का निर्देश दिया। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगले तीन दिनों के भीतर कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा जिले के औसत प्रदर्शन से नीचे रहने वाले विधानसभा क्षेत्रों के सभी AERO को भी शोकॉज करने का निर्देश दिया गया। सभी ERO को अपने अधीनस्थ कर्मियों के कार्यों की नियमित और करीबी निगरानी करने को कहा गया। बैठक में फॉर्म-6 के निष्पादन की भी समीक्षा की गई।
छठ घाटों की सफाई और नागरिकों से सम्मानजनक व्यवहार का निर्देश
आगामी छठ महापर्व को देखते हुए उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों के तालाबों एवं छठ घाटों की साफ-सफाई का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने छठ पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अपने कार्यालयों में आने वाले आम नागरिकों के साथ संवेदनशीलता और सम्मानजनक व्यवहार करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि आम जनता को सरकारी सेवाएं मुख्य रूप से प्रखंड, अंचल, थाना और पंचायत स्तर पर मिलती हैं। इन कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों का व्यवहार ही सरकार की छवि बनाता है।
उन्होंने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनका नियमानुसार समयबद्ध समाधान करने का निर्देश दिया। साथ ही सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने तथा बिचौलियों की भूमिका पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा।
आदिवासी भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर सख्ती
आदिवासी भूमि की सुरक्षा को लेकर उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के किसी भी अंचल में आदिवासी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत या मामला सामने आने पर संबंधित अंचल अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में भूमि संबंधी मामलों की गंभीरता से निगरानी करने और विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। साथ ही स्थानीय थानों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने को कहा।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों के साथ-साथ जनहित से जुड़े अन्य प्रशासनिक दायित्वों का भी पूरी तत्परता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ निर्वहन करें।





