झारखंड में 4 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर होगी BLO और BLA-2 की पांचवीं बैठक, CEO ने दिए निर्देश
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिए निर्देश, 1 से 12 नवंबर तक घर-घर जाकर मतदाता सूची की जांच सुनिश्चित करने का आदेश

रांची | क्षेत्रीय संवाददाता:झारखंड में मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने आगामी 4 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की पांचवीं बैठक और चुनाव पाठशाला आयोजित करने का निर्देश दिया है। इस संबंध में उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में के. रवि कुमार ने निर्देश दिया कि बीएलओ एवं बीएलए-2 की पांचवीं बैठक में उन मतदाताओं की सूची पर विशेष रूप से चर्चा की जाए, जिन्हें दो बार नोटिस दिए जाने और घर-घर जाकर दस्तावेज एकत्र करने का प्रयास करने के बावजूद आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की गंभीरता से समीक्षा की जाए और नियमानुसार पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
1 से 12 नवंबर तक चलेगा होम टू रोल विजिट
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि 1 से 12 नवंबर तक मतदान केंद्र क्षेत्रों में होम टू रोल विजिट अभियान चलाया जाए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो।
उन्होंने सभी बीएलओ से इस संबंध में प्रमाण-पत्र प्राप्त करने का भी निर्देश दिया। प्रमाण-पत्र में यह सुनिश्चित करना होगा कि संबंधित मतदान केंद्र क्षेत्र में कोई भी ऐसा पात्र भारतीय नागरिक शेष नहीं है, जिसका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाना बाकी हो।
अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश
बैठक में राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर और अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार उपस्थित रहे।
इसके अलावा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) तथा उप निर्वाचन पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।




