चिरकुंडा में पूजा पंडालों का निरीक्षण, स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश
चिरकुंडा नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी ने पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराई, समितियों से पॉलीथिन मुक्त पंडाल और उचित कचरा प्रबंधन की अपील की।

चिरकुंडा। रिपोर्ट-सरबजीत सिंह :चिरकुंडा: शारदीय दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में स्वच्छता और सुव्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चिरकुंडा नगर परिषद की अध्यक्ष सुनीता देवी ने अधिकारियों के साथ विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंडालों के आसपास साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद की अध्यक्ष ने पंडालों के आसपास जमा कचरे को हटाने के लिए तत्काल सफाई वाहन लगवाकर कचरे का उठाव कराया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूजा के दौरान नियमित सफाई सुनिश्चित करने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने पर जोर दिया।

स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न पूजा पंडाल परिसरों में ‘स्वच्छ पंडाल, स्वच्छ चिरकुंडा’ के जागरूकता बैनर भी लगाए गए। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं और पूजा समितियों से पंडाल परिसर को साफ-सुथरा रखने की अपील की गई।
सुनीता देवी ने सभी पूजा समितियों से आग्रह किया कि वे पंडालों को पॉलीथिन मुक्त रखें और कचरे के उचित प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता बनाए रखने में नगर परिषद के साथ-साथ पूजा समितियों और आम नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है, ताकि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
इस अवसर पर नगर परिषद के सिटी मैनेजर नजरुल इस्लाम, विकास मंडल, वार्ड पार्षद अभिषेक दास, प्रदीप गोराई, पार्षद प्रतिनिधि बरुन दे, अरुण कुमार, झंटू कांजिलाल तथा सफाई पर्यवेक्षक अनिल साव, बैजू साव, ओंकार नाथ श्रीवास्तव और अनूप कुमार उपस्थित रहे।













