आसनसोल गोलीबारी मामले पर AIMIM नेता दानिश अज़ीज़ ने उठाए सवाल
प्रताप दास के अस्पताल में दिए गए बयान के बाद बर्नपुर के लोहा-कोयला कारोबार से जुड़े विवादों की जांच की मांग; AIMIM नेता ने आरोपों को अप्रमाणित बताते हुए निष्पक्ष जांच पर जोर दिया।

आसनसोल। रिपोर्ट-सरबजीत सिंह : पश्चिम बंगाल AIMIM के राज्य नेता दानिश अज़ीज़ ने हीरापुर थाना क्षेत्र के इस्माइल इलाके में पुलिस और प्रताप दास के बीच हुई गोलीबारी तथा उसकी गिरफ्तारी के बाद सामने आए आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी के बाद आसनसोल जिला अस्पताल में इलाज के दौरान प्रताप दास ने मीडिया के सामने मुसबीर पर उसे फंसाने का आरोप लगाया है।
दानिश अज़ीज़ के अनुसार, प्रताप दास के इस बयान के बाद बर्नपुर क्षेत्र में लोहा और कोयला कारोबार से जुड़े पुराने विवादों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की पृष्ठभूमि, गोलीबारी की परिस्थितियों और अस्पताल में लगाए गए आरोपों की जांच करने की अपील की।
दानिश अज़ीज़ ने कहा कि प्रताप दास ने मुसबीर पर उसे फंसाने का आरोप किस आधार पर लगाया है, इसकी पड़ताल होनी चाहिए। साथ ही, यह भी जांच की जानी चाहिए कि क्या दोनों के बीच पहले से कोई विवाद था।
उन्होंने कहा कि लोहा कारोबार, टेंडर और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े जिन लोगों के नाम सामने आ रहे हैं, उनकी भूमिका की जांच तथ्यों और सबूतों के आधार पर की जानी चाहिए।
AIMIM नेता ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रताप दास द्वारा लगाए गए आरोप अभी प्रमाणित नहीं हुए हैं। ऐसे में जांच पूरी होने से पहले किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं होगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि जांच केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं को सामने लाया जाए।
दानिश अज़ीज़ ने कहा कि आसनसोल की जनता इस मामले की वास्तविक सच्चाई जानना चाहती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से राजनीतिक, व्यावसायिक या व्यक्तिगत प्रभाव से मुक्त होकर निष्पक्ष जांच करने तथा कानून तोड़ने या आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि मामले में जो भी तथ्य सामने आएं, उनके आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।













