कलियासोल के शीतलपुर में सरकारी जमीन से अवैध अतिक्रमण हटाया गया, सोलर इंडस्ट्रीज की तारबंदी ध्वस्त
उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर अंचल अधिकारी अशोक कुमार सिन्हा के नेतृत्व में कार्रवाई; प्रशासन ने सरकारी जमीन पर दोबारा कब्जा करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

धनबाद-कलियासोल। रिपोर्ट-सरबजीत सिंह : जिले में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार इसी क्रम में कलियासोल अंचल के शीतलपुर मौजा में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शीतलपुर मौजा स्थित सरकारी भूमि पर सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया लिमिटेड द्वारा कथित रूप से अवैध तारबंदी कर अतिक्रमण किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलियासोल अंचल अधिकारी अशोक कुमार सिन्हा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची।
टीम ने अवैध तारबंदी और अतिक्रमण को ध्वस्त कर भूमि को पुनः सरकारी कब्जे में लिया।

सरकारी जमीन पर कब्जे के खिलाफ सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में दोबारा अतिक्रमण किए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कलियासोल अंचल अधिकारी अशोक कुमार सिन्हा, राजस्व हल्का उपनिरीक्षक, अंचल अमीन तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कालूबथान ओपी के पुलिस जवान मौजूद रहे।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी भूमि की सुरक्षा और अवैध कब्जों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताया गया।













