काली पूजा, दीपावली और छठ को लेकर चिरकुंडा नगर परिषद की बैठक, सफाई और रोशनी की व्यवस्था पर जोर
चिरकुंडा में 35 काली पूजा स्थलों पर दो-दो सफाई कर्मियों की होगी तैनाती, छह से सात छठ घाटों पर भी ब्लीचिंग पाउडर का होगा छिड़काव।

चिरकुंडा । रिपोर्ट-सरबजीत सिंह :काली पूजा, दीपावली और महापर्व छठ को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से चिरकुंडा नगर परिषद की अध्यक्ष सुनीता देवी की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद के उपाध्यक्ष विजय यादव सहित सभी वार्ड पार्षद उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी त्योहारों को देखते हुए नगर क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि सभी वार्डों में आवश्यक सफाई कार्य और बिजली से संबंधित समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा, ताकि पर्व के दौरान आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
35 काली पूजा स्थलों पर होगी विशेष सफाई
नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी ने बताया कि चिरकुंडा क्षेत्र में लगभग 35 स्थानों पर काली पूजा आयोजित की जाती है। इन सभी पूजा स्थलों पर साफ-सफाई के लिए ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाएगा। साथ ही प्रत्येक पूजा स्थल पर दो-दो सफाई कर्मियों की तैनाती की जाएगी।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लगभग छह से सात छठ घाटों पर भी ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाएगा। पूजा स्थलों और घाटों का निरीक्षण भी किया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की कमी या समस्या सामने आने पर समय रहते उसका समाधान किया जा सके।
पानी और सफाई व्यवस्था में जुटेगी पूरी टीम
नगर परिषद उपाध्यक्ष विजय यादव ने कहा कि त्योहारों को देखते हुए नगर परिषद की पूरी टीम पेयजल और साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटी हुई है। पूजा से पहले सभी आवश्यक स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।
बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों ने आपसी सहयोग से त्योहारों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया। नगर परिषद की ओर से भरोसा दिलाया गया कि पर्व के दौरान भी सफाई, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान रखा जाएगा।













