रेलकर्मियों को बड़ी राहत: अब राजधानी, शताब्दी और वंदे भारत में भी उच्च श्रेणी में कर सकेंगे यात्रा
रेलवे बोर्ड के आदेश संख्या RB-86/2026 से रेलकर्मियों को राहत, अब पास पर किराए का अंतर देकर राजधानी, शताब्दी, दुरंतो और वंदे भारत में उच्च श्रेणी में यात्रा की सुविधा।

धनबाद । रिपोर्ट-सरबजीत सिंह : रेलवे कर्मचारियों और सेवानिवृत्त रेलकर्मियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (AIRF) के महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा के लगातार प्रयासों के बाद रेलवे बोर्ड ने 30 अक्टूबर 2026 को आदेश संख्या आरबी-86/2026 जारी किया है। इसके तहत अब कार्यरत एवं सेवानिवृत्त रेलकर्मी सुविधा पास, सेवानिवृत्ति पास और विधवा पास पर निर्धारित किराए का अंतर भुगतान कर अपनी पात्रता से उच्च श्रेणी में यात्रा कर सकेंगे।
इस सुविधा का लाभ राजधानी, शताब्दी, दुरंतो और वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों में भी मिलेगा। इससे रेलकर्मियों को अपनी पात्रता वाली श्रेणी से ऊपर की श्रेणी में यात्रा करने का विकल्प उपलब्ध होगा।
ऑनलाइन बुकिंग की बाधा हुई दूर
ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ECRKU) के महामंत्री कॉमरेड एस.एन.पी. श्रीवास्तव ने बताया कि ऑनलाइन टिकट बुकिंग व्यवस्था के कारण इस सुविधा पर रोक लग गई थी। AIRF के लगातार प्रयासों के बाद रेलवे बोर्ड ने इस बाधा को दूर करने की दिशा में आदेश जारी किया है।
उन्होंने बताया कि रेलवे बोर्ड ने सुविधा को लागू करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने के साथ ही HRMS और PRS सिस्टम में जरूरी बदलाव करने के निर्देश भी दिए हैं। इससे रेलकर्मियों को पास के माध्यम से उच्च श्रेणी में यात्रा करने की सुविधा मिल सकेगी।
कर्मचारी संगठनों ने जताया आभार
इस उपलब्धि पर AIRF में ECRKU के जोनल सेक्रेटरी ओ.पी. शर्मा और ECRKU धनबाद मंडल के मीडिया प्रभारी एन.के. खवास ने यूनियन के महामंत्री एस.एन.पी. श्रीवास्तव तथा AIRF महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलकर्मियों के लिए प्रीमियम ट्रेनों में अलग से पर्याप्त संख्या में कन्फर्म बर्थ का कोटा निर्धारित कराने की मांग को भी रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलेगी।













