Advertisement
झारखण्ड

धनबाद में उपायुक्त आदित्य रंजन ने किया विकास योजनाओं का निरीक्षण, बच्चों ने रखीं स्कूल की समस्याएं

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कई प्रखंडों में विकास योजनाओं, विद्यालयों और सरकारी संस्थानों का लिया जायजा, किस्टोपुर के बच्चों ने चारदीवारी, कंप्यूटर और खेल मैदान की मांग रखी।

धनबाद । रिपोर्ट-सरबजीत सिंह :  उपायुक्त आदित्य रंजन ने जिले के विभिन्न प्रखंडों में पहुंचकर विकास योजनाओं, सरकारी संस्थानों और जनसुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोविंदपुर के बड़ा नावाटांड़ तालाब, पंचायत भवन, मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र एवं पोषण वाटिका, किस्टोपुर प्राथमिक विद्यालय, बलियापुर स्थित बीबीएम कॉलेज के पुस्तकालय, निरसा के पोसाई नदी पुल एवं प्लास्टिक प्रबंधन इकाई केंद्र तथा धनबाद के रिकॉर्ड रूम का जायजा लिया। इसके अलावा पुलिस अनुमंडल के एसडीपीओ आवासीय परिसर, पुलिस क्वार्टर और थाना निर्माण के लिए चिह्नित भूमि का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि विकास योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से की बातचीत

मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र और पोषण वाटिका के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बच्चों के पोषण और शिक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने पोषण वाटिका में उगाई जा रही हरी सब्जियों के माध्यम से बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के प्रयास की सराहना की।

इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत की और उन्हें पढ़ाया भी। उन्होंने कहा कि बच्चों की समझ और उनकी मातृभाषा को ध्यान में रखकर शिक्षा दी जानी चाहिए, ताकि वे विषयों को आसानी से समझ सकें और सीखने में उनकी रुचि बढ़े।

किस्टोपुर विद्यालय में बच्चों ने रखीं मांगें

किस्टोपुर प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शैक्षणिक व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विद्यालय में चारदीवारी निर्माण, कंप्यूटर की सुविधा और खेल मैदान उपलब्ध कराने की मांग रखी।

उपायुक्त ने बच्चों की मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यकताओं का आकलन कर नियमानुसार कार्रवाई करने की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है। शिक्षा के साथ-साथ विद्यालयों में खेलकूद और तकनीकी शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं के विकास पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।

पुल और प्लास्टिक प्रबंधन इकाई का लिया जायजा

निरसा क्षेत्र में उपायुक्त ने पोसाई नदी पुल और प्लास्टिक प्रबंधन इकाई केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित स्थलों की स्थिति और विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। साथ ही, आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कदम उठाने और कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

एग्यारकुंड प्रखंड में उन्होंने निरसा पुलिस अनुमंडल के एसडीपीओ आवासीय परिसर के साथ पुलिस क्वार्टर और थाना निर्माण के लिए चिह्नित भूमि का भी निरीक्षण किया। इस दौरान प्रस्तावित निर्माण स्थलों की स्थिति का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश

धनबाद स्थित रिकॉर्ड रूम सहित अन्य स्थलों के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सरकारी परिसंपत्तियों के उचित रखरखाव और विकास योजनाओं की नियमित निगरानी पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों और आवश्यकताओं पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे, अपर समाहर्ता प्रदीप शुक्ला, निरसा के अंचल अधिकारी विक्रम आनंद, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पीएमयू टीम के सदस्य तथा अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}