चिरकुंडा में जल संकट पर अध्यक्ष सुनीता देवी का एक्शन
तीन दिनों से जलापूर्ति बाधित, मैथन WTP पहुंचकर अधिकारियों और संवेदक को लगाई फटकार

चिरकुंडा। रिपोर्ट-सरबजीत सिंह: चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से जलापूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लगातार जल संकट की शिकायतों के बीच नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल के साथ मैथन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार, मैथन WTP का ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण चिरकुंडा क्षेत्र में जलापूर्ति प्रभावित हुई थी। तीन दिनों तक समस्या का समाधान नहीं होने पर अध्यक्ष सुनीता देवी ने मौके पर पहुंचकर ट्रांसफार्मर की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कार्य में देरी को लेकर संवेदक एवं विभागीय अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई और जल्द से जल्द मरम्मत कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि जलापूर्ति जैसी आवश्यक सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं संवेदक से तत्काल ट्रांसफार्मर की मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल करने को कहा।

अध्यक्ष के कड़े रुख के बाद ट्रांसफार्मर की मरम्मत के कार्य में तेजी आने की बात कही गई है। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही जलापूर्ति व्यवस्था सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। क्षेत्र में पानी की आपूर्ति सामान्य होने की संभावना जताई गई है।
मैथन WTP के निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष के साथ पार्षद प्रतिनिधिमंडल में आरती देवी, काशी साव, रानी केरई, संजय जगदल्ला, सरिता देवी, अभिषेक दास, पार्षद प्रतिनिधि झंटू कांजीलाल और इरफान अहमद खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि आम लोगों को पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भविष्य में ऐसी समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।













