Advertisement
झारखण्ड

चिरकुंडा में 1200 किलो मिलावटी लड्डू जब्त कर नष्ट, झरिया के मद्रास कैफे पर ₹20 हजार जुर्माना

दीपावली और छठ से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, लड्डुओं में प्रतिबंधित मेटानिल येलो रंग के इस्तेमाल का खुलासा

चिरकुंडा । रिपोर्ट-सरबजीत सिंह : दीपावली और आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर धनबाद जिला प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान चिरकुंडा में तीन अवैध लड्डू निर्माण इकाइयों पर छापेमारी कर करीब 1200 किलोग्राम मिलावटी बूंदी के लड्डू जब्त किए गए।

निरीक्षण के दौरान खुलासा हुआ कि लड्डुओं को आकर्षक पीला रंग देने के लिए स्वास्थ्य के लिए हानिकारक प्रतिबंधित मेटानिल येलो रंग का इस्तेमाल किया जा रहा था। लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए जब्त किए गए सभी 1200 किलोग्राम लड्डुओं को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। इसके अलावा संबंधित खाद्य पदार्थों के नमूने भी जांच के लिए संग्रहित किए गए हैं। तीनों अवैध इकाइयों के संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

वहीं, झरिया क्षेत्र में खाद्य निर्माण इकाइयों, होटलों और रेस्टोरेंटों का भी औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान एक मिठाई निर्माण इकाई से 210 किलोग्राम प्रतिबंधित रंगीन चीनी मिठाई और 150 किलोग्राम सेवई जब्त की गई। विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाई और पनीर के नमूने भी संग्रहित किए गए हैं, जिन्हें रासायनिक परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान झरिया स्थित मद्रास कैफे के किचन में गंभीर अस्वच्छता पाई गई। इस पर विभाग ने संचालक पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

पूरी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम में प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी नैना नायक, चंदन कुमार साव, चंद्रदेव गंझू तथा खाद्य सुरक्षा कार्यालय के कर्मी राहुल कुमार, राहुल कुमार पासवान, शुभम कुमार और अमित सिंह शामिल थे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि कहीं मिलावटी खाद्य सामग्री, प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल या अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत विभाग को सूचित करें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}