बाघमारा में दो झारखंड आंदोलनकारी प्रशस्ति पत्र और मेमोरेंडम देकर सम्मानित
अलग राज्य के गठन में योगदान के लिए जिला प्रशासन ने किया सम्मानित, आंदोलनकारियों के परिवारों को सरकारी नौकरियों में 5% क्षैतिज आरक्षण की दी जानकारी

बाघमारा । क्षेत्रीय रिपोर्टर : झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से बाघमारा प्रखंड में झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान अंचल अधिकारी गिरिजानंद किस्कू और प्रखंड विकास पदाधिकारी लक्ष्मण प्रसाद यादव ने संयुक्त रूप से झारखंड अलग राज्य के गठन में संघर्ष और अमूल्य योगदान देने वाले दो चिन्हित आंदोलनकारियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेमोरेंडम प्रदान किया।
सम्मानित होने वालों में ग्राम गड़गड़िया, पोस्ट काकोमठ, थाना कतरासगढ़ निवासी गोविंद प्रसाद रवानी, पिता स्वर्गीय बीरू रवानी और नवागढ़ निवासी हरिनंदन प्रसाद गांधी शामिल हैं।

इस अवसर पर अंचल अधिकारी गिरिजानंद किस्कू ने बताया कि झारखंड सरकार ने झारखंड आंदोलनकारियों के लिए सरकारी नौकरियों में नियुक्ति के दौरान 5 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में झारखंड आंदोलनकारियों के परिवार के सदस्य भी इस आरक्षण का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यक्रम में अंचल के नाजिर ओपी दास, मुखिया प्रतिनिधि देवानंद साव, अजय सिंह, आजाद कुम्हार, दूधनाथ गोप, पवन कुमार मालाकार सहित प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।













