Advertisement
झारखण्ड

छठ पूजा से पहले रांची के 12 घाटों का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

जलाशयों में तीन फीट की गहराई पर होगी बैरिकेडिंग, NDRF और SDRF की टीमें रहेंगी तैनात; साफ-सफाई, रोशनी और भीड़ नियंत्रण पर जोर

रांची । क्षेत्रीय संवाददाता :  महापर्व छठ को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बुधवार को शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तैयारियों का जायजा लिया और पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

उपायुक्त ने हातमा, कांके डैम, मधुकम, हटनिया, बड़ा तालाब, जेल तालाब, चडरी, अरगोड़ा, धुर्वा, बटन तालाब, बनस तालाब (चुटिया) और पावर हाउस तालाब स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

तीन फीट की गहराई के बाद बैरिकेडिंग अनिवार्य

उपायुक्त ने सभी घाटों पर पानी की गहराई को ध्यान में रखते हुए तीन फीट की गहराई के बाद बैरिकेडिंग या घेराबंदी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। खतरनाक और गहरे जल वाले स्थानों को चिह्नित कर चेतावनी संकेतक लगाने तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित क्षेत्र में ही अर्घ्य देने के लिए जागरूक करने को कहा।

आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए NDRF और SDRF की टीमें तैनात रहेंगी। इसके अलावा घाटों पर पर्याप्त प्रशासनिक एवं पुलिस बल की तैनाती और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।

साफ-सफाई, रोशनी और रास्तों को दुरुस्त करने का निर्देश

उपायुक्त ने छठ व्रतियों के घाट तक पहुंचने वाले रास्तों को साफ और सुगम बनाने पर जोर दिया। उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित बिजली व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। भीड़ के सुचारु आवागमन के लिए उचित प्रबंध करने तथा फिसलन वाले स्थानों को सुरक्षित बनाने को भी कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम क्षेत्र के बाहर स्थित छठ घाटों पर भी सुरक्षा और सुविधा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

पूजा समितियों ने किया सम्मानित

निरीक्षण के दौरान विभिन्न छठ पूजा समितियों के सदस्यों ने उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश सिंह, पथ निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और नगर निगम के संबंधित पदाधिकारी, समाजसेवी आलोक दुबे, शांति समिति के सदस्य, संबंधित वार्डों के पार्षद तथा छठ तालाब समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}