चिरकुंडा के राजपुरा गांव में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ जन चौपाल, मतदाता सूची की जांच पर दिया जोर
राजपुरा गांव में आयोजित ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ जन चौपाल में कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीणों को मताधिकार के प्रति जागरूक किया और SIR के तहत मतदाता सूची में नामों की जांच करने की अपील की।

धनबाद-चिरकुंडा। रिपोर्ट-सरबजीत सिंह : लोकतंत्र की असली ताकत सत्ता के गलियारों में नहीं, बल्कि आम जनता के हाथों में मौजूद उसके एक-एक वोट में निहित है। किसी भी योग्य नागरिक को उसके मताधिकार से वंचित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना के विपरीत है। वोट की रक्षा केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का सवाल है। यह बातें धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने एग्यारकुंड प्रखंड के गोपालपुर पंचायत अंतर्गत राजपुरा गांव में आयोजित ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ जन चौपाल को संबोधित करते हुए कहीं।
कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत आयोजित इस जन चौपाल की अध्यक्षता एग्यारकुंड प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष शशि भूषण तिवारी ने की। कार्यक्रम में पहुंचने पर ग्रामीणों ने जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह का स्वागत किया। जन चौपाल में कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद कर मताधिकार की अहमियत, मतदाता सूची की शुद्धता और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
संतोष कुमार सिंह ने कहा कि वोट जनता की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक शक्ति है। इसी वोट से सरकारें बनती हैं और इसी के माध्यम से जनता अपनी आवाज सत्ता तक पहुंचाती है। इसलिए किसी भी परिस्थिति में योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर गांव-गांव में जागरूकता जरूरी है। प्रत्येक नागरिक अपने परिवार और आसपास के लोगों के नाम मतदाता सूची में जांचे तथा किसी भी तरह की गड़बड़ी या नाम छूटने की स्थिति में समय रहते आवश्यक कार्रवाई करे।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को उसके वोट की वास्तविक ताकत का एहसास कराना है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए जनता का जागरूक होना और अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति सजग रहना बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुधांशु शेखर झा ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने तथा परिवार के सभी सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें। किसी भी प्रकार की त्रुटि या परेशानी होने पर संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को इसकी जानकारी दें। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जन चौपाल में ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव कांग्रेस नेताओं के समक्ष रखे। एग्यारकुंड प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष शशि भूषण तिवारी ने भरोसा दिलाया कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस ने संदेश दिया कि हर वोट कीमती है, हर मतदाता महत्वपूर्ण है और किसी भी योग्य नागरिक का वोट छूटने नहीं दिया जाना चाहिए।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष चिरंजीत बाउरी, नकुल मोदी, बिजेंद्र शर्मा, शिव कुमार, आशीष बाउरी, संजय बाउरी, संध्या बाउरी, फुल कुमारी बाउरी, बबिता बाउरी, कविता बाउरी, चंदना दास, सोनाली बाउरी, फुची बाउरी, तमंगामोनी बाउरी, तिलका बाउरी, सोमा बाउरी, प्रदीप बाउरी और काजल बाउरी सहित पंचायत स्तर के दर्जनों कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।













