Advertisement
व्यापार

ट्रेन लाइटिंग और विद्युत सामान्य विभाग के मर्जर पर ECRKU की आपत्ति, प्रक्रिया लंबित रखने की मांग

संशोधित प्रस्ताव में हेल्पर लेवल-1 के कर्मचारियों को भी किया गया शामिल; मेडिकल फिटनेस, कार्य आवंटन, वरिष्ठता और पदोन्नति को लेकर उठाए सवाल।

धनबाद। रिपोर्ट-सरबजीत सिंह :  धनबाद रेल मंडल में ट्रेन लाइटिंग कर्मचारियों को विद्युत सामान्य विभाग में शामिल करने की प्रस्तावित मर्जर प्रक्रिया पर ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ECRKU) ने कड़ी आपत्ति जताई है। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (AIRF) के उपाध्यक्ष सह ECRKU के महामंत्री एसएनपी श्रीवास्तव ने इस प्रक्रिया को कर्मचारी हित में लंबित रखने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (कार्मिक), हाजीपुर को पत्र लिखकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। पत्र की प्रतिलिपि मंडल रेल प्रबंधक, धनबाद को भी भेजी गई है।

ECRKU धनबाद मंडल के मीडिया प्रभारी एनके खवास के अनुसार, दोनों विभागों के कर्मचारियों ने मर्जर लागू होने की स्थिति में उत्पन्न होने वाली समस्याओं से AIRF के जोनल सेक्रेटरी ओपी शर्मा को अवगत कराया था। कर्मचारियों ने समाधान के लिए उचित कदम उठाने का अनुरोध किया था। इसके बाद ओपी शर्मा ने ECRKU महामंत्री एसएनपी श्रीवास्तव से बातचीत कर रेलकर्मियों की समस्याओं को उच्च स्तर पर उठाने का आग्रह किया।

यूनियन के अनुसार, शुरुआत में प्रशासन की ओर से टेक्निशियन लेवल-2 से लेवल-6 तक के कर्मचारियों के विलय का प्रस्ताव था। लेकिन 4 नवंबर 2026 को जारी संशोधित पत्र में सहायक यानी हेल्पर लेवल-1 के कर्मचारियों को भी इसमें शामिल कर लिया गया। इससे प्रस्ताव का दायरा बढ़ गया है और अब दोनों विभागों के टेक्निशियन एवं सहायक कर्मचारियों की सेवा संरचना, तकनीकी पहचान और भविष्य की पदोन्नति पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

मेडिकल फिटनेस और कार्य आवंटन पर सवाल

ECRKU का कहना है कि ट्रेन लाइटिंग और विद्युत सामान्य विभाग के कर्मचारियों की कार्यप्रणाली, तकनीकी विशेषज्ञता, प्रशिक्षण और कार्य परिस्थितियां अलग-अलग हैं। ऐसे में दोनों कैडर के विलय के बाद कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस, कार्य आवंटन और ड्यूटी की प्रकृति किस आधार पर तय होगी, यह स्पष्ट नहीं है।

यूनियन ने विशेष रूप से सवाल उठाया है कि अलग-अलग मेडिकल कैटेगरी वाले कर्मचारियों को एकीकृत कैडर में शामिल करने पर उनकी मौजूदा मेडिकल फिटनेस और कार्य संबंधी पात्रता किस प्रकार सुरक्षित रखी जाएगी। साथ ही, रेलवे बोर्ड के स्पष्ट दिशा-निर्देशों और लागू नियमों के बिना इस तरह की प्रक्रिया शुरू करना उचित नहीं होगा।

यात्री सुरक्षा और कोच अनुरक्षण पर भी जताई चिंता

यूनियन के मुताबिक, अन्य रेलवे जोन और मंडलों में इस प्रकार की व्यवस्था लागू नहीं है। पूर्व मध्य रेलवे के अन्य मंडलों में भी ऐसी व्यवस्था नहीं होने का दावा करते हुए ECRKU ने सवाल उठाया है कि केवल धनबाद मंडल में यह मर्जर क्यों प्रस्तावित किया जा रहा है।

ट्रेन लाइटिंग कर्मचारियों की जिम्मेदारी यात्री कोचों का नियमित और निवारक अनुरक्षण करना है। इसके अलावा ट्रेन एस्कॉर्टिंग के दौरान चलती ट्रेन में बिजली और वातानुकूलन से जुड़ी खराबियों को तत्काल ठीक करना भी उनके कार्य का हिस्सा है। यूनियन का मानना है कि बिना आवश्यक तकनीकी प्रशिक्षण और अनुभव के कर्मचारियों को एक-दूसरे के विभागों के कार्यों में लगाने से कोच अनुरक्षण की गुणवत्ता और कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है। इसका असर यात्री सुविधाओं और सुरक्षित रेल परिचालन पर भी पड़ सकता है।

वरिष्ठता और पदोन्नति व्यवस्था पर स्पष्टता की मांग

प्रस्तावित मर्जर में दोनों विभागों के सहायकों और टेक्निशियनों सहित सभी ग्रेड के कर्मचारियों को एकीकृत करने की बात कही गई है। लेकिन संयुक्त वरिष्ठता सूची कैसे तैयार होगी और भविष्य में पदोन्नति किस आधार पर होगी, इस पर कोई स्पष्ट नीति या दिशा-निर्देश सामने नहीं आने की बात यूनियन ने कही है।

ECRKU महामंत्री एसएनपी श्रीवास्तव ने मांग की है कि कर्मचारियों की सभी आशंकाओं पर स्पष्ट स्पष्टीकरण दिया जाए। यूनियन का कहना है कि कर्मचारियों की सहमति और उनकी समस्याओं का समाधान किए बिना मर्जर प्रक्रिया आगे बढ़ाने से असंतोष बढ़ेगा। इसलिए कर्मचारी हित को ध्यान में रखते हुए इस प्रक्रिया को फिलहाल लंबित रखा जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}