निरसा में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेसजनों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
निरसा बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप मोड़ पर कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन, आधुनिक भारत और सूचना क्रांति में योगदान को किया याद

निरसा I रिपोर्ट-सरबजीत सिंह : निरसा बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप मोड़ पर निरसा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसजनों द्वारा देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती श्रद्धा और गरिमापूर्ण माहौल में मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एग्यारकुंड प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष शशि भूषण तिवारी ने राजीव गांधी के आधुनिक भारत के निर्माण और सूचना क्रांति में योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने दूरदर्शी सोच के साथ देश को 21वीं सदी की ओर ले जाने की मजबूत नींव रखी थी। उन्होंने तकनीक और संचार के क्षेत्र में किए गए उनके प्रयासों को देश के विकास में महत्वपूर्ण बताया।
निजी खर्च से दोबारा स्थापित कराई राजीव गांधी की प्रतिमा
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि निरसा बराकर इंजीनियरिंग वर्कशॉप मोड़ पर पहले स्थापित राजीव गांधी की प्रतिमा कुछ समय पहले खंडित हो गई थी। इसके बाद एग्यारकुंड प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष शशि भूषण तिवारी ने बिना किसी सरकारी या दलीय आर्थिक सहयोग के अपने निजी खर्च से राजीव गांधी की नई प्रतिमा बनवाई।

करीब तीन वर्ष पूर्व नई प्रतिमा को पूरे सम्मान के साथ उसी स्थान पर पुनर्स्थापित कराया गया था। जयंती समारोह के अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर पूर्व प्रधानमंत्री को नमन किया।
इस अवसर पर निरसा प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार राय, सुरेंद्र शर्मा, सुरेश कुमार, सकलदेव प्रसाद यादव, बाबलू दास, अर्जुन भुईयां, श्रीरामजी चौहान, श्यामल भंडारी, सत्येंद्र कुमार सिंह, अजय कुमार, नकुल मोदी, महेश दास, ममरेज खान, सुधीर दास, बनभोल कुंभकार और इस्लाम अंसारी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कांग्रेसजनों ने राजीव गांधी के विचारों और देश के विकास में उनके योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।













