गोपीनाथपुर मोड़ से मैथन संजय चौक तक सड़क मरम्मत और जल निकासी की मांग, कांग्रेस ने BDO को सौंपा ज्ञापन
गोपीनाथपुर मोड़ से संजय चौक तक गड्ढों, जल जमाव और कथित अवैध लॉटरी कारोबार पर कार्रवाई की मांग; मांगें पूरी नहीं होने पर कांग्रेस ने ग्रामीणों के साथ आंदोलन की चेतावनी दी।

निरसा-एग्यारकुंड। रिपोर्ट-सरबजीत सिंह : गोपीनाथपुर मोड़ से मैथन संजय चौक तक राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के विभिन्न चिह्नित स्थलों पर जर्जर सड़क, जल जमाव और क्षेत्र में कथित तौर पर चल रहे अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ एग्यारकुंड प्रखंड कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने सड़क सुरक्षा, जल निकासी और आम लोगों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में गोपीनाथपुर मोड़ और खुदिया फाटक के पास सड़क की खराब स्थिति तथा बालू और छाई के जमाव से हो रही आवागमन की परेशानी दूर करने की मांग की गई। कांग्रेस प्रतिनिधियों ने सड़क के गड्ढों को तत्काल भरने और यातायात को सुरक्षित बनाने पर जोर दिया।
मुगमा बैंक ऑफ इंडिया से निरामया अस्पताल (राजेंद्र विहार) तक सड़क की मरम्मत और नाले के निर्माण व सुधार की मांग भी उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, इस मार्ग पर बड़े गड्ढों के कारण मरीजों, एंबुलेंस और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी होती है। वहीं, कालीमाता कॉलोनी के समीप और मुगमा पुल के मुख्य हाईवे मार्ग पर सड़क मरम्मत एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
मुगमा डिनोबली स्कूल के समीप सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग करते हुए प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इससे स्कूली बच्चों, अभिभावकों और राहगीरों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी। संजय चौक पर पानी के रिसाव को रोकने और जल जमाव की स्थायी निकासी व्यवस्था करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
अवैध लॉटरी कारोबार पर कार्रवाई की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में कथित रूप से तेजी से फैल रहे अवैध लॉटरी कारोबार पर भी प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ग्रामीण और युवा अपनी मेहनत की कमाई इस कारोबार में गंवा रहे हैं, जिससे परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है और घरेलू तनाव बढ़ रहा है।
ग्रामीण महिलाओं की शिकायतों का हवाला देते हुए प्रतिनिधिमंडल ने अवैध लॉटरी कारोबार पर रोक लगाने तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
मीडिया को संबोधित करते हुए एग्यारकुंड प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष शशि भूषण तिवारी ने कहा कि यदि चिह्नित स्थलों पर शीघ्र सड़क मरम्मत, जल निकासी और अवैध लॉटरी कारोबार के खिलाफ ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो कांग्रेस कार्यकर्ता स्थानीय ग्रामीणों के साथ धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रतिनिधिमंडल में ये लोग रहे शामिल
ज्ञापन सौंपने वालों में एग्यारकुंड प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष शशि भूषण तिवारी, नकुल मोदी, एयाज अंसारी, रुस्तम पासवान, राजेंद्र सिंह, शिव कुमार, संजय रवानी, शेख शरीफ, मोती लाल गुप्ता, सत्येंद्र सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता और स्थानीय क्षेत्रवासी शामिल थे।













