Advertisement
झारखण्ड

रांची में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा 2026 की तैयारियां तेज, उपायुक्त व एसएसपी ने किया पूरे यात्रा मार्ग का निरीक्षण,

संपादकीय

रांची: ऐतिहासिक भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा 2026 को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के संपूर्ण मार्ग तथा मेला क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं, विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन, पेयजल, भीड़ प्रबंधन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि रथ यात्रा के पूरे मार्ग को पूर्ण रूप से अतिक्रमण मुक्त किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी अवैध अतिक्रमण है, उसे तत्काल प्रभाव से हटाने की कार्रवाई शुरू की जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और रथ यात्रा सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

प्रशासन ने स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस एवं प्रशिक्षित मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। किसी भी आकस्मिक स्थिति से तत्काल निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है। साथ ही आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के लिए विशेष व्यवस्था करने पर भी बल दिया गया।

 

विद्युत सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिजली विभाग को निर्देशित किया गया कि रथ यात्रा मार्ग एवं मेला क्षेत्र में कहीं भी खुले बिजली के तार नहीं रहने चाहिए। संपूर्ण विद्युत व्यवस्था की तकनीकी जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य समय रहते पूरा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए पर्याप्त बैकअप व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम को निर्देशित किया गया कि पूरे मेला क्षेत्र में नियमित अंतराल पर साफ-सफाई कराई जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में बायो-टॉयलेट स्थापित किए जाएंगे तथा शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि लाखों श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं स्वास्थ्यकर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरे रथ यात्रा मार्ग एवं मेला क्षेत्र में अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों की निगरानी के लिए 24 घंटे संचालित होने वाला विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जहां से प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त अग्निशमन विभाग की गाड़ियां पूरे आयोजन के दौरान ‘रेडी-टू-मूव’ स्थिति में तैनात रहेंगी ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रथ यात्रा मार्ग एवं मेला परिसर में विशेष खोया-पाया केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे भीड़ के दौरान बिछड़ने वाले लोगों को शीघ्र सहायता मिल सके। मीडिया प्रतिनिधियों के लिए विशेष वॉच टावर बनाने का भी निर्णय लिया गया है, ताकि वे पूरे आयोजन का बेहतर कवरेज कर सकें।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने मेला समिति को तत्काल आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट संचालित करने का सुझाव दिया। इसके माध्यम से रथ यात्रा से संबंधित आवश्यक सूचनाएं, यातायात परामर्श, सुरक्षा निर्देश तथा जनजागरूकता संदेश आम नागरिकों तक समय पर पहुंचाए जा सकेंगे। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों को पहचान पत्र उपलब्ध कराने तथा आयोजन से पूर्व उनका विस्तृत प्रशिक्षण एवं ब्रीफिंग सत्र आयोजित करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा रांची की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि वर्ष 2026 की रथ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य रूप में आयोजित हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन और आम नागरिकों के सहयोग से इस वर्ष की रथ यात्रा को एक यादगार आयोजन बनाया जाएगा।

वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा त्वरित प्रतिक्रिया दल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी और सभी सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगी।

रथ यात्रा की तैयारियों में जिला प्रशासन, रांची पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, नगर निगम, अग्निशमन विभाग तथा अन्य संबंधित विभाग पूर्ण समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा 2026 श्रद्धा, सुरक्षा, अनुशासन और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं का एक आदर्श उदाहरण बने।

इस निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक (शहरी) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) कुमार रजत, अपर प्रशासक रांची नगर निगम संजय कुमार, प्रशिक्षु आईएएस सुश्री आस्था शरण, नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, विद्युत एवं सड़क विभाग के अभियंता, डीएसपी हटिया एवं मुख्यालय, आवासीय दंडाधिकारी हटिया श्रीमती स्मृति कुमारी, संबंधित थाना प्रभारी, अग्निशमन पदाधिकारी तथा जगन्नाथपुर मंदिर समिति के सदस्य सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}