कुलगु नगड़ी में वन स्टॉप सेंटर का शुभारंभ, महिलाओं को एक ही छत के नीचे मिलेगी समग्र सहायता
संपादकीय

राँची, महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उपायुक्त राँची द्वारा कुलगु, नगड़ी में वन स्टॉप सेंटर (One Stop Centre) का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा, उत्पीड़न एवं शोषण से प्रभावित महिलाओं को एक ही छत के नीचे समग्र सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
वन स्टॉप सेंटर जिला प्रशासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य पीड़ित महिलाओं को विभिन्न विभागों के चक्कर लगाने से राहत प्रदान करना है। अब महिलाओं को चिकित्सा, कानूनी, मनोवैज्ञानिक तथा आश्रय संबंधी सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।

केंद्र में आपातकालीन प्रतिक्रिया एवं बचाव सेवाओं के तहत 108 एंबुलेंस सेवा एवं पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा पीड़ित महिलाओं को निकटतम अस्पताल में तत्काल चिकित्सा सुविधा प्रदान करने की व्यवस्था की गई है।
वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से महिलाओं को पुलिस में FIR, NCR एवं DIR दर्ज कराने में सहयोग और मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही मानसिक एवं भावनात्मक सहायता के लिए योग्य काउंसलरों द्वारा मनो-सामाजिक परामर्श सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
केंद्र में निःशुल्क कानूनी सहायता एवं परामर्श की सुविधा भी प्रदान की जाएगी, जिससे पीड़ित महिलाएं न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्राप्त कर सकेंगी। इसके अतिरिक्त हिंसा या शोषण से प्रभावित महिलाओं एवं उनके बच्चों के लिए सुरक्षित अस्थायी आश्रय (शेल्टर होम) तथा आवश्यकता अनुसार सुरक्षित परिवहन सुविधा की भी व्यवस्था की गई है।
जिला प्रशासन ने बताया कि घरेलू हिंसा, यौन शोषण अथवा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न से प्रभावित महिलाएं अब एक ही स्थान पर चिकित्सा, कानूनी, मनोसामाजिक एवं आश्रय संबंधी सभी सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगी। पीड़ित महिलाएं टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 181 पर संपर्क कर वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं का लाभ आसानी से ले सकती हैं।
इस अवसर पर उपस्थित जिला प्रशासन के अधिकारियों, महिला एवं बाल विकास विभाग के पदाधिकारियों तथा स्थानीय महिला संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस केंद्र को महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
कार्यक्रम में स्थापना उप समाहर्ता राँची बिवेक कुमार सुमन, अंचल अधिकारी नगड़ी, प्रखंड विकास पदाधिकारी नगड़ी, थाना प्रभारी नगड़ी तथा सीडीपीओ नगड़ी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।












