Advertisement
झारखण्ड

गांधी और शास्त्री जयंती पर धनबाद में श्रद्धांजलि, अधिकारियों ने किया माल्यार्पण

गांधी और शास्त्री जयंती पर धनबाद में अधिकारियों ने प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, खादी ग्रामोद्योग संघ में चलाया चरखा

धनबाद I रिपोर्ट-सरबजीत सिंह : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर धनबाद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान उप विकास आयुक्त सन्नी राज, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे समेत अन्य वरीय अधिकारियों ने सिटी सेंटर स्थित महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की आदमकद प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके बाद अधिकारियों ने गांधी सेवा सदन पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उप विकास आयुक्त ने गांधी सेवा सदन स्थित पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध पुस्तकों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

गांधी सेवा सदन के बाद अधिकारी खादी ग्रामोद्योग संघ पहुंचे। यहां महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीरों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने चरखा चलाकर खादी और स्वदेशी के संदेश को भी रेखांकित किया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन और उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों को कर्तव्य, सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि गांधी जी की अहिंसक नीतियों, नैतिक मूल्यों और नेतृत्व क्षमता ने स्वतंत्रता आंदोलन को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ा।

उन्होंने कहा कि गांधी जी ने सभी धर्मों के प्रति समान दृष्टिकोण, सभी भाषाओं के सम्मान तथा महिला-पुरुष समानता पर जोर दिया। समाज में लंबे समय से मौजूद भेदभाव को समाप्त करने और सामाजिक समरसता स्थापित करने के लिए भी उन्होंने लगातार प्रयास किए।

लाल बहादुर शास्त्री के जीवन को याद करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि उनके मूल्य, सादगी और सिद्धांत देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए उन्होंने अपने जीवन में दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व का परिचय दिया। आत्मनिर्भरता और देशहित के प्रति उनके योगदान को भी उन्होंने याद किया।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे, ट्रैफिक डीएसपी, सहायक नगर आयुक्त, नजारत उप समाहर्ता समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}