Advertisement
झारखण्ड

कुमारधुबी स्टेशन के विकास को मिली रफ्तार, 20 अगस्त से शाम तक खुलेगा रिजर्वेशन काउंटर

20 अगस्त से कुमारधुबी स्टेशन पर दूसरी पाली में दोपहर 2 से रात 8 बजे तक खुलेगा रिजर्वेशन काउंटर, यात्री सुविधाओं और अन्य स्टेशनों के विकास पर भी बनी सहमति

कुमारधुबी-चिरकुंडाI रिपोर्ट-सरबजीत सिंह : कुमारधुबी रेलवे स्टेशन के विकास और यात्री सुविधाओं में विस्तार को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। भारतीय जनता पार्टी के नेता जय प्रकाश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कुमारधुबी स्टेशन भी विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

इसी क्रम में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में कुमारधुबी स्टेशन की सुविधाओं को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया था। इसमें क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी मांगों का समर्थन किया।

जय प्रकाश सिंह ने बताया कि कुमारधुबी स्टेशन चिरकुंडा, निरसा, पंचेत, मुगमा सहित आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण स्टेशन है। यहां बड़ी संख्या में मजदूर, कर्मचारी, विद्यार्थी और आम यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में स्टेशन पर बेहतर यात्री सुविधाओं की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी।

रेल मंत्री के समक्ष रखी गई मांग

जय प्रकाश सिंह के अनुसार, हस्ताक्षर अभियान के बाद धनबाद सांसद ढुल्लू महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पहुंचा और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष कुमारधुबी स्टेशन के विकास तथा विभिन्न ट्रेनों के ठहराव से संबंधित मांगें रखीं।

प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से कुमारधुबी स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर को प्रथम पाली के साथ दूसरी पाली में भी संचालित करने की मांग की थी। वर्तमान व्यवस्था में रिजर्वेशन काउंटर सीमित समय तक खुलने के कारण यात्रियों को दूसरे क्षेत्रों में जाकर आरक्षण कराने में परेशानी होती थी।

20 अगस्त से दूसरी पाली में भी खुलेगा रिजर्वेशन काउंटर

जय प्रकाश सिंह ने बताया कि रेल मंत्री के संज्ञान में मामला आने के बाद आसनसोल मंडल के डीआरएम ने धनबाद सांसद ढुल्लू महतो को बैठक के लिए आमंत्रित किया। इसके बाद डीआरएम और डीसीएम के साथ बैठक हुई, जिसमें कुमारधुबी स्टेशन की यात्री सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि 20 अगस्त से कुमारधुबी स्टेशन का रिजर्वेशन काउंटर दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक भी संचालित किया जाएगा। इससे क्षेत्र के यात्रियों को आरक्षण कराने में सुविधा मिलेगी।

इसके अलावा स्टेशन के उत्तर और दक्षिण दिशा के निकास द्वारों को विकसित करने, रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा कुमारधुबी रेलवे ओवरब्रिज पर बंद रहने वाली लाइटों को व्यवस्थित करने की भी बात कही गई।

अन्य स्टेशनों के विकास और ट्रेनों के ठहराव पर भी चर्चा

जय प्रकाश सिंह ने बताया कि बैठक के दौरान मुगमा, थापरनगर, कलियासोल और छोटाअंबोना रेलवे स्टेशनों के विस्तार एवं विकास को लेकर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही क्षेत्र की विभिन्न ट्रेनों के ठहराव की मांग को भी रेलवे अधिकारियों के समक्ष रखा गया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में कुछ ट्रेनों के ठहराव को भी मंजूरी मिल सकती है।

उन्होंने कहा कि कुमारधुबी स्टेशन पर विकास कार्यों के प्रथम चरण की शुरुआत क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इसे किसी एक पार्टी की नहीं, बल्कि निरसा विधानसभा क्षेत्र की जनता की जीत बताया।

यात्रियों से रेलवे काउंटर से टिकट लेने की अपील

जय प्रकाश सिंह ने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक रेलवे के अधिकृत काउंटर से ही टिकट और रिजर्वेशन कराएं। उन्होंने कहा कि बाहरी टिकट एजेंटों द्वारा कथित तौर पर अधिक राशि वसूले जाने की समस्या को रोकने के लिए यात्रियों को जागरूक रहना चाहिए।

कुमारधुबी स्टेशन पर विकास की पहल के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने लड्डू एवं मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई।

इस अवसर पर चिरकुंडा नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, पार्षद रानी कराई, प्रोफेसर अरुण कुमार, अशोक मंडल, मंडल अध्यक्ष अरविंद सिन्हा, मंडल महामंत्री जगन्नाथ सिंह, पवन शर्मा, अभिषेक दास, केशव साव, दशरथ साव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}