Advertisement
झारखण्ड

चिरकुंडा में डॉ. अजय कुमार पोद्दार का नागरिक अभिनंदन

सरबजीत सिंह

बराकर/चिरकुंडा: चिरकुंडा मारवाड़ी सम्मेलन एवं चिरकुंडा मारवाड़ी महिला समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को कुमारधुबी क्लब में पश्चिम बंगाल सरकार के पीडब्ल्यूडी एवं पीएचईडी विभाग के कैबिनेट मंत्री तथा कुल्टी विधायक Dr. Ajay Kumar Poddar का भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, खेल, संस्कृति, समाजसेवा एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और समाज के विभिन्न व्यक्तियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

समारोह में मंत्री डॉ. पोद्दार का पौधा भेंट कर, शॉल ओढ़ाकर एवं अभिनंदन पत्र प्रदान कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत चिरकुंडा मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन से की, जबकि कृष्ण लाल रूंगटा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया।

अपने संबोधन की शुरुआत मातृशक्ति को नमन करते हुए डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने कहा कि मारवाड़ी समाज ने व्यापार के साथ-साथ शिक्षा, उद्योग, समाजसेवा एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देकर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि समाज की प्रतिभाओं का सम्मान नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है और उनमें आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच का विकास करता है।

उन्होंने कहा कि एक समय पश्चिम बंगाल के व्यापार में मारवाड़ी समाज की लगभग 22 प्रतिशत हिस्सेदारी थी, जो समय के साथ घटकर 3 से 4 प्रतिशत रह गई है। इसे पुनः मजबूत बनाने के लिए समाज को अपने बच्चों को व्यापार, शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना होगा। उन्होंने पूर्वजों की मेहनत, ईमानदारी और संघर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाने का भी आह्वान किया।

डॉ. पोद्दार ने अभिभावकों से बच्चों की रुचि एवं प्रतिभा के अनुरूप उन्हें सहयोग देने की अपील की। उन्होंने संस्कृत भाषा के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डालते हुए इसे भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा की आधारशिला बताया तथा बच्चों को संस्कृत अध्ययन के लिए प्रेरित किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य में भय का वातावरण समाप्त हुआ है और विश्वास का माहौल मजबूत हुआ है, जिससे विकास एवं प्रगति के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान चिरकुंडा के वैज्ञानिक प्रोफेसर अमित कुमार अग्रवाल, जिन्हें विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है और जो वर्तमान में आईआईटी कानपुर से जुड़े हैं, उनकी माता निर्मला अग्रवाल को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

समारोह में चिरकुंडा मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल, महामंत्री सुनील हाड़ा, मारवाड़ी महिला समिति की अध्यक्षा आशा शर्मा, सचिव संगीता अग्रवाल, अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन, झारखंड के प्रांताध्यक्ष राजेश रिटोलिया, प्रांतीय महामंत्री चंदू अग्रवाल, सीए ललित कुमार अग्रवाल एवं कृष्ण लाल रूंगटा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम का सफल संचालन पंकज शर्मा एवं पवन अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। समारोह में प्रदीप अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, रवि रंजन गद्याण्यां, बजरंग अग्रवाल, कृष्ण जिंदल, शंकर गोयल, भगवती रूंगटा, रेणु अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}