मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत एगारकुंड में 9 लाभुकों को मिला सुकर वितरण का लाभ
सरबजीत सिंह

निरसा-एगारकुंड:- मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत एगारकुंड प्रखंड अंतर्गत गोपीनाथपुर पंचायत के आदिवासी टोला में पशुपालन विभाग द्वारा सुकर विकास योजना के अंतर्गत 9 लाभुकों के बीच सूअरों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में लाभुकों को स्वरोजगार से जोड़ने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।
इस मौके पर प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी राजकुमार नायक ने बताया कि सुकर विकास योजना के तहत 75 प्रतिशत एवं 90 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है। योजना में लाभुकों को क्रमशः 25 प्रतिशत और 10 प्रतिशत अंशदान देना होता है। उन्होंने जानकारी दी कि इस वितरण कार्यक्रम में 3 लाभुकों को 90 प्रतिशत अनुदान तथा 6 लाभुकों को 75 प्रतिशत अनुदान का लाभ प्रदान किया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की यह योजना विशेष रूप से बेरोजगार युवाओं एवं जरूरतमंद परिवारों को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई जा रही है, ताकि कम लागत में लोग सुकर पालन कर अपनी आय बढ़ा सकें।
कार्यक्रम में गोपीनाथपुर पंचायत की मुखिया बंदना देवी भी उपस्थित रहीं। उनके हाथों लाभुकों के बीच सुकरों का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक लाभुक को 4 मादा एवं 1 नर सुकर उपलब्ध कराया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि लाभुकों को मनरेगा योजना के तहत सुकर आवास निर्माण का भी लाभ दिया जाएगा। इसके लिए लाभुकों की सूची प्रखंड कार्यालय को भेज दी गई है और जल्द ही उन्हें इस योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।












