
धनबाद:- झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 रविवार, 19 अप्रैल को जिले के 46 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचार मुक्त कराने को लेकर उपायुक्त आदित्य रंजन ने न्यू टाउन हॉल में दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि पूर्व की तरह इस परीक्षा को भी पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी, जिससे किसी भी प्रकार की भीड़ या अव्यवस्था न हो।
उन्होंने दंडाधिकारियों को पुलिस पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने, किसी भी समस्या की तुरंत सूचना वरीय अधिकारियों को देने और परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। दूरस्थ 10 केंद्रों को पहले ट्रेजरी से प्रश्न पत्र प्राप्त करने को कहा गया है।
परीक्षा केंद्रों में सिंगल गेट एंट्री-एग्जिट सिस्टम रहेगा। अभ्यर्थियों की सघन जांच, पहचान सत्यापन और बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य होगी। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल, ब्लूटूथ, घड़ी, कैलकुलेटर आदि ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। केवल लेखन सामग्री के साथ ही प्रवेश की अनुमति होगी।

कदाचार करते पकड़े जाने पर संबंधित थाना में एफआईआर दर्ज की जाएगी तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 और झारखंड प्रतियोगिता परीक्षा अधिनियम 2023 के तहत कार्रवाई होगी। परीक्षा केंद्र, कंट्रोल रूम और स्ट्रांग रूम परिसर में मीडिया कर्मियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने सभी अधिकारियों को कंट्रोल रूम और नजदीकी थाना का नंबर साथ रखने और किसी भी स्थिति में तुरंत सूचना देने को कहा। एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद ने परीक्षा से जुड़े सभी प्रक्रियात्मक बिंदुओं पर विस्तार से निर्देश दिए।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी—पहली पाली सुबह 10:00 से 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3:00 से शाम 5:00 बजे तक। करीब 17 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
इस दौरान जिला नियंत्रण कक्ष अनुमंडल दंडाधिकारी और डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार के नेतृत्व में कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष के नंबर 0326-2311807 और 112 जारी किए गए हैं।
बैठक में अपर नगर आयुक्त कमलेश्वर नारायण, डीआरडीए निदेशक राजीव रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।












