दुर्गापूजा को लेकर रांची प्रशासन अलर्ट, पूजा समितियों के साथ बैठक में सुरक्षा और व्यवस्था पर चर्चा
दुर्गापूजा की तैयारियों को लेकर रांची प्रशासन की पूजा समितियों के साथ बैठक, सुरक्षा, यातायात, बिजली, सीसीटीवी और विसर्जन व्यवस्था पर दिए निर्देश

रांची: आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर में जिले की विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, बिजली, स्वच्छता, अग्निशमन, विसर्जन और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिला प्रशासन ने सभी पूजा समितियों से आपसी समन्वय स्थापित कर एक दिन विसर्जन करने को लेकर आम सहमति बनाने का आग्रह किया। समितियों को आपस में बैठक कर सहमति बनाने और इसकी जानकारी प्रशासन को देने को कहा गया। प्रशासन के अनुसार विसर्जन की व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए समन्वित तरीके से की जाएगी।
पंडाल निर्माण में सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य
उपायुक्त ने सभी पूजा समितियों को पंडाल निर्माण से लेकर विसर्जन तक निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया। पंडाल इस तरह बनाए जाने को कहा गया कि श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा न हो और किसी आपात स्थिति में लोगों के सुरक्षित बाहर निकलने के लिए पर्याप्त रास्ते उपलब्ध रहें।
विद्युत सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। बिजली के खंभे, ट्रांसफॉर्मर या अन्य विद्युत संरचनाओं के बिल्कुल पास पंडाल या तोरण द्वार नहीं बनाने को कहा गया। समितियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत बिजली कनेक्शन और स्वीकृत लोड लेने तथा खुले या नंगे तारों का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया गया।

युवाओं को सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ने की अपील
प्रशासन ने पूजा समितियों से अधिक से अधिक युवाओं को आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ने की अपील की। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे प्रयासों में पूजा समितियों और युवाओं के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया गया।
सक्रिय रूप से सहयोग करने वाले युवाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने की बात भी कही गई। प्रशासन और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए बनाए गए व्हाट्सऐप ग्रुप में महिलाओं समेत अधिक से अधिक सदस्यों को जोड़ने और महत्वपूर्ण सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सीसीटीवी और भीड़ प्रबंधन पर जोर
वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने पूजा समितियों से प्रशासन और पुलिस के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने की अपील की।
यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक यातायात ने पूजा पंडालों तक आपात स्थिति में वाहनों एवं राहत टीमों की पहुंच सुनिश्चित रखने और भीड़ वाले स्थानों पर आवश्यक बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक नगर ने पंडाल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने को कहा। बैरिकेडिंग और भीड़ प्रबंधन में लगे समिति के अधिकृत सदस्यों की पहचान सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
इसके अलावा विज्ञापन के लिए तोरण द्वार नहीं लगाने और ध्वनि प्रदूषण को लेकर माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
विभागों को समन्वय से काम करने का निर्देश
बैठक में अपर नगर आयुक्त, रांची नगर निगम ने नगर निगम स्तर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जानकारी दी। विभिन्न पूजा समितियों ने यातायात, स्वच्छता, बिजली, पार्किंग, विसर्जन और श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह, एएसपी साक्षी जमुआर, आईएएस आस्था शरण, नजारत उपसमाहर्ता सुदेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार सहित बिजली विभाग, नगर निगम, अग्निशमन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।












