Advertisement
खेल

91वीं अखिल भारतीय रेलवे एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का समापन, मध्य रेलवे ने जीती ओवरऑल ट्रॉफी

कोलकाता में 11 से 13 सितंबर तक हुई 91वीं अखिल भारतीय रेलवे एथलेटिक्स चैम्पियनशिप, मध्य रेलवे ने ओवरऑल ट्रॉफी जीती; पूर्व रेलवे के खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण पदक हासिल किए

कोलकाता I रिपोर्ट-सरबजीत सिंह : पूर्व रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन (ERSA) द्वारा रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के दायित्व के तहत आयोजित 91वीं अखिल भारतीय रेलवे एथलेटिक्स चैम्पियनशिप-2026 का रविवार को कोलकाता के SAI स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, साल्ट लेक में समापन हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 13 सितंबर तक किया गया।

पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक एवं ERSA की मुख्य संरक्षक गीतिका पांडेय ने 11 सितंबर को प्रतियोगिता का शुभारंभ किया था। समापन समारोह में भी वह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं और विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को पदक, कप और शील्ड प्रदान किए।

मध्य रेलवे बना ओवरऑल चैंपियन

प्रतियोगिता में मध्य रेलवे की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैम्पियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि दक्षिण रेलवे उपविजेता रहा।

पूर्व रेलवे के खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल चार स्वर्ण पदक हासिल किए। लिली दास ने दो स्वर्ण पदक, जबकि मौमिता मंडल और ख्याति माथुर ने एक-एक स्वर्ण पदक जीता।

दक्षिण रेलवे की भगवती भवानी को सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट और दक्षिण रेलवे के डेविड को सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट घोषित किया गया।

महिला वर्ग में दक्षिण पश्चिम रेलवे ने चैम्पियनशिप कप जीता, जबकि दक्षिण रेलवे उपविजेता रहा। पुरुष वर्ग में मध्य रेलवे चैम्पियन और उत्तर रेलवे उपविजेता रहा।

24 टीमों के 412 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

चैम्पियनशिप में विभिन्न क्षेत्रीय रेलों, उत्पादन इकाइयों और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की कुल 24 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में एथलीटों, प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधकों सहित 412 से अधिक प्रतिभागियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।

समापन समारोह में अर्जुन पुरस्कार विजेता जोसेफ अब्राहम, जितेंद्र कुमार, जे. जे. शोभा, पप्पू यादव और सोमा बिस्वास सहित कई प्रतिष्ठित खेल हस्तियां मौजूद रहीं। पद्म श्री एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता एल. बॉम्बायला देवी, अर्जुन एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता मोहम्मद अली क़मर, ओलंपियन संजय राय और भावना जाट ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

खिलाड़ियों को भविष्य के लिए किया प्रेरित

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय ने सभी विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक शैलेन्द्र प्रताप सिंह, दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक मनीष जैन, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक नीरज वर्मा, ERSA के सचिव कुमार अनिमेष सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और खेल जगत की हस्तियां मौजूद रहीं।

पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझी ने कहा कि पूर्व रेलवे विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से खेलों को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने में लगातार अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो खेल उत्कृष्टता के प्रति भारतीय रेल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}