राष्ट्रीय शिक्षा दिवस पर शिवलीबाड़ी पूर्व में मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती मनाई गई
पंचायत कांग्रेस समिति ने किया कार्यक्रम का आयोजन, स्वतंत्रता संग्राम और शिक्षा के क्षेत्र में मौलाना आजाद के योगदान को किया याद

चिरकुंडा-एगारकुंड: । रिपोर्ट-सरबजीत सिंह :देश के प्रथम शिक्षा मंत्री, महान स्वतंत्रता सेनानी और भारत रत्न मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती एवं राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर बुधवार को शिवलीबाड़ी पूर्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन शिवलीबाड़ी पूर्व पंचायत कांग्रेस समिति की ओर से किया गया। इसकी अध्यक्षता पंचायत कांग्रेस समिति के अध्यक्ष मो. एयाज अंसारी ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता एवं एगारकुंड प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष शशि भूषण तिवारी ने मौलाना अबुल कलाम आजाद के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और शिक्षा के क्षेत्र में उनकी दूरदर्शी सोच पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि मौलाना आजाद ने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ‘अल-हिलाल’ पत्रिका के माध्यम से उन्होंने युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाई। उन्होंने महात्मा गांधी के साथ असहयोग आंदोलन, भारत छोड़ो आंदोलन और खिलाफत आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की। मात्र 35 वर्ष की आयु में वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सबसे युवा अध्यक्ष बने। वर्ष 1940 से 1946 तक उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभाई।
शशि भूषण तिवारी ने कहा कि मौलाना आजाद ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किया तथा अंग्रेजों की विभाजनकारी नीतियों का विरोध किया। स्वतंत्रता के बाद प्रथम शिक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने आधुनिक भारतीय शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। IIT, UGC, CSIR और ललित कला अकादमी जैसी संस्थाओं के विकास में उनकी दूरदर्शिता की अहम भूमिका रही।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2008 में मौलाना अबुल कलाम आजाद के योगदान को सम्मान देने और शिक्षा के महत्व को रेखांकित करने के लिए 11 नवंबर को राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मो. एयाज अंसारी ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने मौलाना आजाद के विचारों, देशप्रेम और सिद्धांतों को अपनाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर प्रखंड एवं पंचायत कांग्रेस समिति के पदाधिकारियों में मो. अमिरूल्ला, नकुल मोदी, सलाउद्दीन अंसारी, बिजेंद्र शर्मा, रोमी गुप्ता, कौसर खान, मो. सिराज मास्टर, शब्बीर अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













