रांची में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान जारी, मतदाताओं से BLO को पूरा सहयोग देने की अपील
संपादकीय

रांची: आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए रांची जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची के अद्यतन का कार्य तेजी से चल रहा है। इस अभियान के अंतर्गत Enumeration Form का वितरण, संग्रहण तथा डिजिटाइजेशन किया जा रहा है।
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान के तहत मतदाताओं से बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिले में Enumeration Form के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह सही, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।
जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि जब बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) उनके घर Enumeration Form भरवाने के लिए आएं, तो उन्हें मना न करें और फॉर्म भरने में पूरा सहयोग दें।
प्रशासन के अनुसार, मतदाता सूची को सही, शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाए रखने के लिए Enumeration Form भरना अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। मतदाताओं द्वारा सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने से उनका नाम मतदाता सूची में बिना किसी त्रुटि के दर्ज रहेगा।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि गलत, अपूर्ण या भ्रामक जानकारी देने पर भविष्य में मतदान के दौरान कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए सभी मतदाताओं से अनुरोध किया गया है कि BLO के घर पहुंचने पर फॉर्म भरने में सक्रिय सहयोग करें। यह कार्य BLO की आधिकारिक जिम्मेदारियों का हिस्सा है।
मतदाताओं से अपील की गई है कि वे फॉर्म में अपना नाम, पिता/पति का नाम, आयु, पता, मोबाइल नंबर सहित सभी आवश्यक जानकारियां सही-सही दर्ज करें तथा फॉर्म जमा करने से पहले एक बार सभी विवरणों की पुनः जांच अवश्य कर लें।
जिला प्रशासन ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आगामी चुनावों में कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे तथा मतदाता सूची पूरी तरह स्वच्छ, सटीक और विश्वसनीय बनी रहे। साथ ही सभी राजनीतिक दलों एवं मीडिया से भी इस जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की गई है।













