
चिरकुंडा-कुमारधुबी: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से चिरकुंडा थाना तथा कुमारधुबी ओपी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। कुमारधुबी ओपी में बैठक का संचालन मुन्ना यादव ने किया, जबकि चिरकुंडा थाना में संचालन जगरनाथ गोस्वामी द्वारा किया गया।
बैठक में मुख्य रूप से निरसा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) लिलेश्वर महतो उपस्थित रहे। इस दौरान शांति समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने विशेष रूप से चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की समस्या तथा मुहर्रम के दौरान पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों से इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का आग्रह किया।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने आगामी मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और शांति के वातावरण में मनाने पर सहमति व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि चिरकुंडा थाना क्षेत्र में सभी समुदायों के लोग वर्षों से एक-दूसरे के पर्व-त्योहारों को मिल-जुलकर मनाते आ रहे हैं और यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा समाज के गणमान्य लोगों ने कहा कि पर्व-त्योहार सामाजिक एकता और भाईचारे के प्रतीक हैं तथा इन्हें शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बैठक में लोगों से प्रशासन का सहयोग करने, किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की अपील की गई। साथ ही किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना देने का आग्रह किया गया।
एसडीपीओ लिलेश्वर महतो ने कहा कि मुहर्रम के दौरान शांति व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर चिरकुंडा नगर परिषद की अध्यक्ष सुनीता देवी ने क्षेत्रवासियों को मुहर्रम की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
बैठक में चिरकुंडा थाना क्षेत्र के विभिन्न अखाड़ों के सदस्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही बराकर से चिरकुंडा आने वाले अखाड़ों के प्रतिनिधि खलील खान सहित कई गणमान्य नागरिकों ने भी भाग लिया।
चिरकुंडा थाना में आयोजित बैठक में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी आशुतोष कुमार, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, उपाध्यक्ष विजय यादव, नगर प्रबंधक नजरुल इस्लाम, बिजली विभाग के प्रतिनिधि तथा मो. इरफान खान, खलील खान (बराकर), जियाउद्दीन अंसारी (पुटूस), वरुण दे, मो. मुख्तार, झांटू कांजीलाल, केशव साव, शशि भूषण तिवारी, फिरोज अंसारी, पवन शर्मा, पप्पू सिंह, संतु चटर्जी, अजय पासवान, अभिषेक दास, मो. मोईज, रंजीत पासवान, मो. शेरू, ननकू, फारुख, नागेंद्र सिंह, रंजीत गुप्ता, जियाउद्दीन, संजय यादव, पप्पू यादव, तनवीर आलम, मो. मुस्तकीम, डी.एन. पाठक समेत थाना एवं ओपी क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।













