
जमालपुर-मुंगेर: क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड (ग्रामीण कूटा) की ओर से सामाजिक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत जमालपुर स्थित गायत्री मंदिर के समीप राजकमल मैरेज हॉल में एक जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 300 महिलाओं ने भाग लिया।
अभियान के दौरान महिलाओं को अपना क्रेडिट स्कोर बेहतर बनाने, आवश्यकता से अधिक ऋण लेने से बचने तथा साइबर फ्रॉड से सुरक्षित रहने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कंपनी के डिविजनल मैनेजर विशाल कुमार सिंह ने की और उपस्थित महिलाओं को वित्तीय जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभात रंजन एवं जमालपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार पासवान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जोनल मैनेजर राकेश कुमार सिंह ने बताया कि क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड एक माइक्रोफाइनेंस संस्था है, जो महिलाओं के समूह बनाकर उन्हें स्वरोजगार एवं व्यवसाय संबंधी प्रशिक्षण प्रदान करती है तथा व्यवसाय के लिए ऋण उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रेरित करती है।

उन्होंने बताया कि संस्था अपने सदस्यों के सुख-दुख में हमेशा सहभागी रहती है तथा सामाजिक विकास कार्यक्रमों के तहत बाढ़ राहत सामग्री वितरण, विद्यालयों में छात्रवृत्ति प्रदान करना, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए कुर्सियों का वितरण तथा स्वास्थ्य केंद्रों में बेड उपलब्ध कराने जैसे कार्य निरंतर करती रहती है।
कार्यक्रम में एरिया मैनेजर सियाराम यादव, ओम प्रकाश कुमार, ब्रांच मैनेजर मनीष कुमार, रविरंजन कुमार सहित संस्था के कर्मचारी मिथुन कुमार, जयजयराम, मनीष कुमार, नीलेश कुमार, संजीत कुमार एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभात रंजन एवं थाना प्रभारी पंकज कुमार पासवान ने इस पहल की सराहना करते हुए उपस्थित महिलाओं को समय पर ऋण चुकाने, वित्तीय अनुशासन बनाए रखने तथा साइबर ठगी से बचने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड तथा उसके सभी कर्मचारियों को धन्यवाद एवं शुभकामनाएं दीं।













