स्वयं भरकर बीएलओ को सौंपा इन्यूमरेशन फॉर्म : के. रवि कुमार ने स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करते हुए
संपादकीय

रांची। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को जनभागीदारी और पारदर्शिता के साथ सफल बनाने की दिशा में झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपना इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को सौंपा। उन्होंने 64–हटिया विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या-374 के लिए निर्धारित बीएलओ अन्नु कच्छप को विधिवत हस्ताक्षरित फॉर्म जमा किया।
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राज्य के सभी पात्र भारतीय नागरिकों से अपील की कि जब बीएलओ उनके घर पहुंचे, तो वे बिना विलंब अपना तथा अपने परिवार के सदस्यों का इन्यूमरेशन फॉर्म स्वयं भरें अथवा भरवाकर उस पर हस्ताक्षर कर तत्काल बीएलओ को सौंप दें। उन्होंने कहा कि सीमित समय में बीएलओ को अपने मतदान केंद्र क्षेत्र के प्रत्येक घर तक पहुंचकर यह महत्वपूर्ण कार्य पूरा करना होता है। ऐसे में नागरिकों का सहयोग इस अभियान की सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है।
के. रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है। इसलिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना और प्रत्येक अपात्र व्यक्ति का नाम सूची से बाहर रहना निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने नागरिकों से इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने का आग्रह किया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राज्य के सभी सरकारी कर्मचारियों एवं अधिकारियों से भी अनुरोध किया कि वे अपने-अपने बीएलओ से शीघ्र संपर्क कर स्वयं तथा अपने परिवार के सदस्यों के इन्यूमरेशन फॉर्म भरवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर निर्वाचन आयोग के उद्देश्य को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने दोहराया कि भारत निर्वाचन आयोग का स्पष्ट लक्ष्य है—“एक भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से छूटेगा नहीं और एक भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल नहीं होगा।” इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रशासन और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय एवं सहभागिता आवश्यक है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा रहा है, ताकि भविष्य में होने वाले सभी चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी एवं विश्वसनीय तरीके से संपन्न कराए जा सकें।
उन्होंने नागरिकों से यह भी अपील की कि यदि परिवार में कोई नया पात्र मतदाता 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुका है, अथवा किसी सदस्य के विवरण में संशोधन की आवश्यकता है, तो उसका भी समय रहते आवेदन अवश्य करें। इसी प्रकार, यदि किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज है, तो उसके संबंध में भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत जानकारी उपलब्ध कराएं।
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के आवास पर 64 हटिया विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) सुदीप्त राज, बीएलओ सुपरवाइजर, कंप्यूटर ऑपरेटर तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।
निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बीएलओ का सहयोग करें, समय पर इन्यूमरेशन फॉर्म भरें तथा लोकतंत्र को और अधिक सशक्त एवं समावेशी बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।













