विकसित बंगाल की ओर बड़ा कदम: – डॉ. अजय कुमार पोद्दार
सरबजीत सिंह

कुल्टी-आसनसोल : पश्चिम बंगाल सरकार में लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHE) के मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के राज्य बजट का स्वागत करते हुए इसे जनहित, विकास और रोजगार को समर्पित एक दूरदर्शी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में तथा वित्त मंत्री स्वपन दाशगुप्ता द्वारा प्रस्तुत यह बजट राज्य को आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए डॉ. पोद्दार ने कहा कि बजट में युवाओं, महिलाओं, किसानों, कर्मचारियों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। यह बजट केवल वित्तीय दस्तावेज नहीं, बल्कि “विकसित बंगाल, समृद्ध बंगाल” के विजन को साकार करने का रोडमैप है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा एक लाख सरकारी नौकरियों की घोषणा युवाओं के लिए नई उम्मीद लेकर आई है। शिक्षा विभाग में 50 हजार तथा पुलिस विभाग में 20 हजार पदों पर भर्ती का प्रस्ताव रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा। साथ ही, अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित युवाओं के सम्मान और उनके भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में सराहनीय पहल है।
डॉ. पोद्दार ने कहा कि बजट में हवाई अड्डों, सड़कों, रेल परियोजनाओं और औद्योगिक ढांचे के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है। इससे राज्य में निवेश को बढ़ावा मिलेगा और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। सरकार का लक्ष्य पश्चिम बंगाल को पूर्वी भारत के प्रमुख औद्योगिक, व्यापारिक और आर्थिक केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए किए गए प्रावधानों की भी सराहना की। नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा शिक्षा संस्थानों के विकास से राज्य की सामाजिक संरचना और अधिक मजबूत होगी।
महिला सशक्तिकरण को बजट की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए मंत्री ने कहा कि अन्नपूर्णा योजना के लिए ₹36,000 करोड़ का प्रावधान राज्य की गरीब एवं जरूरतमंद महिलाओं के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पत्रकारों, होमगार्ड, सिविक वॉलंटियर तथा अन्य वर्गों के कल्याण के लिए किए गए प्रावधान समाज के हर तबके को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य करेंगे।
डॉ. पोद्दार ने कहा कि यह बजट विकास, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और बुनियादी ढांचे के संतुलित समावेश का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और वित्त मंत्री स्वपन दाशगुप्ता को इस जनोन्मुखी एवं विकासोन्मुखी बजट के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट पश्चिम बंगाल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।













