
बराकर (पश्चिम बंगाल): कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के बराकर स्थित गायत्री नगर में गायत्री मंदिर के समीप बराकर सखी क्लब की पहल पर आम लोगों की सुविधा के लिए शीतल पेयजल (वॉटर कूलर) का उद्घाटन किया गया। इस सेवा का शुभारंभ संगठन की सचिव एवं राज्य के कैबिनेट मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार की पत्नी श्रीमती सरोज पोद्दार ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं फीता काटकर किया।
भीषण गर्मी को देखते हुए स्थानीय लोगों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस वॉटर कूलर की स्थापना की गई है। इससे क्षेत्र के राहगीरों, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को गर्मी के मौसम में काफी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर श्रीमती सरोज पोद्दार ने कहा कि सामाजिक सेवा के ऐसे कार्य भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि आम जनता को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि बराकर सखी क्लब और संगठन आगे भी जनहित के ऐसे कार्य करता रहेगा।
उद्घाटन समारोह के बाद उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से ललिता पोद्दार, निर्मला अग्रवाल, दुलारी रुंगटा, सुनीता मस्कारा, इंदु अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।













