
निरसा: भगवान जगन्नाथ जी की रथ यात्रा 2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर प्रखंड सह अंचल कार्यालय, निरसा के सभागार में सभी लाइसेंसधारी रथ यात्रा समितियों के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य रथ यात्रा के दौरान शांति, सौहार्द, सुरक्षा तथा सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना था।
बैठक की अध्यक्षता अंचल अधिकारी विक्रम आनंद एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी इंद्रलाल ओहदार ने की। इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लिलेश्वर महतो, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अजीत कुमार भारती, प्रखंड प्रमुख आशा देवी, जिला परिषद सदस्य दीपाली रबीदास, सांसद प्रतिनिधि निरसा (पंचायती राज) पायल कुमारी सहित विभिन्न समितियों के पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक में गोपालगंज रथ यात्रा समिति के सचिव मंजीत सिंह ने जानकारी दी कि गोपालगंज में भगवान जगन्नाथ जी की रथ यात्रा पिछले 16 वर्षों से लगातार आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रतिवर्ष लगभग 15 से 20 हजार श्रद्धालु शामिल होते हैं। उन्होंने बताया कि रथ यात्रा दोपहर लगभग 3 बजे गोपालगंज से प्रारंभ होकर निरसा हटिया, निरसा सिनेमा हॉल मोड़ चौक तक पहुंचती है तथा वहां से वापस भलजोड़िया स्थित गौरांग वस्त्रालय के समीप मासीबाड़ी तक जाती है।
बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष चर्चा हुई। समिति के सदस्यों ने प्रशासन से अनुरोध किया कि रथ यात्रा वाले दिन पार्किंग रोड को पूरी तरह खाली रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की जाम की समस्या का सामना न करना पड़े। साथ ही मीडिया के माध्यम से आम नागरिकों से भी अपील की गई कि वे एक दिन के लिए पार्किंग सड़क खाली रखें और प्रशासन का सहयोग करें।
समिति ने बताया कि रथ यात्रा के दौरान लगभग 200 महिला एवं पुरुष स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सेवा, सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय रहेंगे। इसके अलावा शासनबेडिया से निकलने वाली भगवान जगन्नाथ जी की रथ यात्रा भी निरसा सिनेमा हॉल मोड़ होते हुए पुनः अपने स्थान पर लौटेगी।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि कई वर्षों के अंतराल के बाद इस बार कुंथोल से भी भगवान जगन्नाथ जी की रथ यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा पंडरा मोड़, पांडरा ग्राम, यज्ञ मैदान एवं हड़ियाजाम बजरंगबली मंदिर होते हुए मासीबाड़ी तक पहुंचेगी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। इसके लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, ट्रैफिक प्रबंधन, चिकित्सा टीम की उपलब्धता, एंबुलेंस, पेयजल एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
बैठक में मनोज सिंह सहित विभिन्न रथ यात्रा समितियों के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य सदस्य भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी समितियों से आपसी समन्वय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में रथ यात्रा संपन्न कराने का आह्वान किया।












