झारखंड सरकार का बड़ा फैसला, TDPL द्वारा कराई गई सभी परीक्षाएं और परिणाम रद्द
विशेष कैबिनेट बैठक में लिया गया फैसला, TDPL की सभी परीक्षाएं, जारी परिणाम और उम्मीदवारों के चयन व भागीदारी से जुड़ी पूरी प्रक्रिया रद्द

रांची I रिपोर्ट-क्षेत्रीय संवाददाता :झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने TDPL से जुड़े मामले को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस मुद्दे को अंतिम रूप देने के लिए आज विशेष कैबिनेट बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी पहलुओं पर विचार करने के साथ संबंधित समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि विशेष कैबिनेट बैठक में विचार-विमर्श के बाद TDPL द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही TDPL द्वारा जारी किए गए परीक्षा परिणामों को भी निरस्त कर दिया गया है।
सरकार ने TDPL के माध्यम से हुए उम्मीदवारों के चयन या किसी भी प्रक्रिया में उनकी भागीदारी को भी रद्द करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस मामले में TDPL द्वारा की गई सभी गतिविधियों को भी समाप्त कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैबिनेट ने सभी संबंधित पहलुओं की समीक्षा करने के बाद यह निर्णय लिया है, ताकि मामले का समाधान किया जा सके। सरकार के इस फैसले का सीधा असर TDPL के माध्यम से आयोजित परीक्षाओं, घोषित परिणामों और चयन प्रक्रिया से जुड़े उम्मीदवारों पर पड़ेगा।
झारखंड सरकार के इस निर्णय के बाद अब TDPL से संबंधित परीक्षाओं और चयन प्रक्रियाओं की स्थिति पर आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी। सरकार की ओर से इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाने की संभावना है।













