झारखंड छात्र आंदोलन पर मनोज झा का बयान, बोले- युवाओं की आवाज़ सुनें सरकारें
छात्रों और युवाओं की आवाज़ सुनें सरकारें, बेरोज़गारी भी बड़ा मुद्दा

नई दिल्ली I रिपोर्ट-क्षेत्रीय संवाददाता :राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने झारखंड में जारी छात्र आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकतंत्र में छात्रों और युवाओं को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल को छात्रों की आवाज़ उठाने को अनुचित नहीं मानना चाहिए।
मनोज झा ने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल परीक्षाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेरोज़गारी एक गंभीर समस्या है और रोजगार के अवसरों से वंचित होना भी युवाओं के लिए बड़ा मुद्दा है। सरकारों को इन चिंताओं को गंभीरता से समझने और संवेदनशीलता के साथ युवाओं की बात सुननी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह केवल झारखंड का मुद्दा नहीं है, बल्कि बिहार, तेलंगाना, कर्नाटक, मध्य प्रदेश समेत सभी राज्यों की सरकारों को युवाओं की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उनके अनुसार, लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवाद ही समस्याओं का समाधान है और सरकारों को छात्रों की मांगों को सुनकर उचित कदम उठाने चाहिए।













