लोहरदगा रिपोर्ट-नूतन कच्छप :जिले के किस्को प्रखंड अंतर्गत परसा टांड़ स्थित चेहल्लुम मेला स्थल पर आगामी 5 अगस्त को आयोजित होने वाले चेहल्लुम मेला सह अस्त्र-शस्त्र चालन प्रतियोगिता की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम का आयोजन सेंट्रल मोहर्रम कमेटी, किस्को के तत्वावधान में किया जाएगा।
आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को किस्को एसडीपीओ दिवाकर कुमार ने पुलिस अधिकारियों एवं सेंट्रल मोहर्रम कमेटी के पदाधिकारियों के साथ मेला स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान इंस्पेक्टर चंद्रशेखर आजाद, थाना प्रभारी मानस कुमार साधू, सेंट्रल मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष रौनक इकबाल, अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अंसारी, संयोजक कुद्दूस अंसारी, सचिव साकिर हुसैन अंसारी, कोषाध्यक्ष तफेजुल अंसारी, संगठन मंत्री नेजाम अंसारी, हातिम अंसारी, इसहाक अंसारी, हफिजुल अंसारी, मेराज अंसारी, फैजुल रशीद उर्फ बबलू सहित समिति के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
एसडीपीओ ने अतिथियों के स्वागत एवं बैठने की व्यवस्था, खिलाड़ियों के लिए निर्धारित मैदान, मेडिकल टीम की तैनाती, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता, वीआईपी पार्किंग, आम श्रद्धालुओं के आवागमन तथा सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन समिति से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर एसडीपीओ दिवाकर कुमार ने कहा कि बड़े आयोजनों में सुरक्षा और बेहतर प्रबंधन सर्वोच्च प्राथमिकता होती है। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शेष तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
वहीं, सेंट्रल मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष रौनक इकबाल ने बताया कि चेहल्लुम मेला को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए समिति के सभी सदस्य पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएंगी, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं और प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।