उत्तर बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट, मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने ली तैयारियों की समीक्षा बैठक
संपादकीय

कोलकाता: उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कालिम्पोंग जिलों के पहाड़ी क्षेत्रों में संभावित भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए पश्चिम बंगाल सरकार सतर्क हो गई है। इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग (PWD) के माननीय प्रभारी मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में संभावित प्राकृतिक आपदा की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विभागीय तैयारियों का विस्तृत आकलन किया गया। मंत्री डॉ. पोद्दार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक मशीनरी, संसाधन और मानवबल को पूरी तरह तैयार रखा जाए। साथ ही संवेदनशील एवं जोखिम वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक का संचालन विभागीय सचिव सुश्री अंतरा आचार्य ने किया। उन्होंने मंत्री को अवगत कराया कि लोक निर्माण विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह सतर्क हैं तथा संभावित आपदा से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि विभाग को किसी भी परिस्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार रहने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों की सुरक्षा और जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि भारी वर्षा के दौरान सड़कों, पुलों और अन्य महत्वपूर्ण अवसंरचनाओं की लगातार निगरानी की जाएगी ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस उच्चस्तरीय वर्चुअल बैठक में मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार, विभागीय सचिव सुश्री अंतरा आचार्य, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार एवं कालिम्पोंग के जिला शासकों (DM) सहित लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।













