Advertisement
पश्चिम बंगाल

अमृत 2.0 योजना के तहत कुल्टी में पेयजल परियोजनाओं का शुभारंभ,

सरबजीत सिंह

मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने समयबद्ध कार्य पूरा करने के दिए निर्देश

कुल्टी-आसनसोल : पश्चिम बंगाल सरकार के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने शुक्रवार को अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न पेयजल एवं पाइपलाइन विस्तार परियोजनाओं का विधिवत शुभारंभ किया। इन विकास कार्यों का उद्देश्य क्षेत्र के हजारों लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के दौरान कुल्टी कॉलेज, कुल्टी गर्ल्स स्कूल, रक्ता, केंदुआबाज़ार, सुवासपाड़ा, बराकर अस्पताल, जगतडीही, चलबलपुर–फुनुरी, अकवानबागान, बिरिडांगल–करीमडांगल तथा रांची ग्राम सहित अनेक क्षेत्रों में नई जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाने की परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही बराकर एवं रामनगर स्थित पुराने सीडब्ल्यूआर (Clear Water Reservoir) के जीर्णोद्धार कार्यों का भी उद्घाटन किया गया।

इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुदृढ़ और प्रभावी होगी। इससे हजारों परिवारों को स्वच्छ एवं नियमित जलापूर्ति का लाभ मिलेगा और भविष्य की जल आवश्यकताओं को भी बेहतर ढंग से पूरा किया जा सकेगा।

इस अवसर पर मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अमृत 2.0 योजना के तहत संचालित ये परियोजनाएं केवल आधारभूत सुविधाओं का विस्तार नहीं हैं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास और जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

मंत्री ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष बल देते हुए संवेदकों (ठेकेदारों) को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में अनावश्यक देरी या लापरवाही बरतने वाले संवेदकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों और अभियंताओं से ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार के दबाव या भय के बिना अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। राज्य सरकार उनके हर संभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगी।

कार्यक्रम में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यपालक अभियंता अचिंत्य बरुई, सहायक अभियंता संतोष कुमार, स्वपन कुमार घोष, अभिषेक चरण, उप सहायक अभियंता कार्तिक गांगुली, अभिषेक चक्रवर्ती एवं सौविक राय सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा बप्पा आचार्य, अमित तुलस्यान, इंद्राणी आचार्य, ललन मेहरा, सोमनाथ माजी, सुनील भर, अमर प्रसाद, संजू घोष, मनमोहन राय, महुआ राय, टिंकू वर्मा, हेमंत माजी, अमित घोष, सिद्धार्थ चौहान, सौमेन चक्रवर्ती, काजल दास, आशेष हजारी, रवि सिंह और संदीप यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।

स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि परियोजनाओं के समय पर पूर्ण होने से वर्षों से चली आ रही पेयजल संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान मिलेगा तथा क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}