Advertisement
झारखण्ड

दीपावली से पहले रांची के कुम्हार बस्ती पहुंचे उपायुक्त, खरीदे मिट्टी के दीये

स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन देने के साथ उनकी समस्याएं सुनीं, सड़क मरम्मत का दिया निर्देश और योजनाओं से मदद का भरोसा

रांची, क्षेत्रीय संवाददाता: दीपावली से पहले स्थानीय कुम्हारों और पारंपरिक कुटीर उद्योग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री अरसंडे स्थित बोडया रोड के जय प्रकाश नगर की कुम्हार बस्ती पहुंचे। यहां उन्होंने कुम्हार परिवारों से मिट्टी के दीये खरीदे और उनके कामकाज, आर्थिक स्थिति तथा समस्याओं की जानकारी ली।

उपायुक्त ने कहा कि स्थानीय कारीगरों के परिश्रम और पारंपरिक हुनर को सम्मान देना जरूरी है। मिट्टी के दीये और खिलौने बनाने की प्रक्रिया में पूरा परिवार जुटता है। मिट्टी गूंथने से लेकर आकार देने, सुखाने और रंग-रोगन तक का काम काफी मेहनत वाला होता है, लेकिन इसके बावजूद कारीगरों की आमदनी सीमित रहती है।

उन्होंने आम लोगों से अपील की कि दीपावली पर स्थानीय कुम्हारों से उचित मूल्य पर दीये और मिट्टी के खिलौने खरीदें, ताकि इन परिवारों को अपने पारंपरिक रोजगार से बेहतर आर्थिक लाभ मिल सके। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने और बाहरी उत्पादों पर निर्भरता कम करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री लघु कुटीर बोर्ड के माध्यम से कारीगरों को विभिन्न प्रकार की सहायता दी जा रही है। इसमें इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उपलब्ध कराना, प्रशिक्षण और अन्य जरूरी सहयोग शामिल हैं। जिला इनोवेशन फंड के माध्यम से संरचना निर्माण, आवश्यक उपकरण और योजनागत सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जाएगी।

इस दौरान उपायुक्त ने एक महिला कारीगर से पेंशन मिलने की जानकारी ली। महिला ने बताया कि उन्हें पेंशन मिल रही है। वहीं, बस्ती की खराब सड़क की स्थिति पर ध्यान देते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारी को तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया।

दीये खरीदने के बाद उपायुक्त ने डिजिटल माध्यम से भुगतान किया। इसी दौरान एक छोटी बच्ची ने उन्हें मिट्टी से बना खिलौना भेंट किया। उपायुक्त ने बच्ची के स्नेह की सराहना करते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी आस्था शरण, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय तथा जिला उद्यमी समन्वयक आतेन विश्वासी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}