धनबाद पहुंचे झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, बीबीएमकेयू के कार्यक्रम में होंगे शामिल
बरवाअड्डा हवाईअड्डे पर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया स्वागत, राज्यपाल की सुरक्षा के लिए पूरे मार्ग पर किए गए कड़े इंतजाम

धनबाद। रिपोर्ट-सरबजीत सिंह : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शुक्रवार को धनबाद के बरवाअड्डा हवाईअड्डे पहुंचे। यहां जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद जिला प्रशासन की ओर से राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। हवाईअड्डे पर औपचारिक कार्यक्रम संपन्न होने के बाद राज्यपाल सड़क मार्ग से बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए रवाना हुए।
राज्यपाल के आगमन पर धनबाद के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, कोयला प्रक्षेत्र बोकारो के पुलिस महानिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब और अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
सुरक्षा के लिए किए गए व्यापक इंतजाम
राज्यपाल के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बरवाअड्डा हवाईअड्डे से बीबीएमकेयू परिसर तक पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई। यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी।

सुरक्षा के मद्देनजर एंटी-सबोटाज जांच, स्निफर डॉग स्क्वॉड, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD), हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) और बैगेज स्कैनर की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड पर आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष मेडिकल टीम, एंबुलेंस और अग्निशमन दस्ता भी तैनात रखा गया।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही निगरानी
राज्यपाल के दौरे के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) अरविन्द कुमार ओझा तथा ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब के वरिष्ठ प्रभार में रही। प्रशासन की ओर से पूरे मार्ग और कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की गई।
इस अवसर पर प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संजीव कुमार प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी. द्विवेदी, सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार, एनडीसी दीपक कुमार दुबे सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।













