Advertisement
झारखण्ड

निरसा: एलिवेटेड रोड निर्माण में देरी, आंदोलन की चेतावनी

सरबजीत सिंह

निरसा-धनबाद : हाथबाड़ी से श्यामपुर तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य में हो रही देरी और प्रशासन की कथित निष्क्रियता को लेकर जिला परिषद सदस्य संजय सिंह एवं पंचायत समिति सदस्यों ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान उन्होंने अंचल अधिकारी, निरसा को एक ज्ञापन सौंपते हुए निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला परिषद सदस्य संजय सिंह ने कहा कि उन्होंने इस मामले को लेकर 20 जून 2026 को भी प्रशासन को पत्र सौंपा था।

उनका आरोप है कि 11 दिनों के विलंब के बाद अंचल अधिकारी द्वारा केवल औपचारिक रूप से परियोजना निदेशक, एनएचएआई (NHAI) को पत्र भेजकर खानापूर्ति की गई, जबकि अब तक निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

उन्होंने कहा कि यह अत्यंत गंभीर और जन सुरक्षा से जुड़ा मामला है। निर्माण कार्य बंद होने के कारण सड़क पर लगाए गए अवरोधक राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का कारण बन रहे हैं, जिससे आम जनता को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य पुनः प्रारंभ कराया जाए अथवा क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे क्षेत्र की जनता के साथ अंचल कार्यालय, निरसा के समक्ष शांतिपूर्ण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

प्रेस वार्ता में मौजूद पंचायत समिति सदस्यों ने भी प्रशासन से जनहित को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}