Advertisement
झारखण्ड

लोहरदगा ट्रिपल क्राइम का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

ज्वेलर्स लूट प्रयास, पेट्रोल पंप छिनतई और कारोबारी की हत्या के मामले में SIT की बड़ी सफलता

लोहरदगा I रिपोर्ट-नूतन कच्छप :  लोहरदगा पुलिस ने 30 जुलाई को शहर में हुई तीन सनसनीखेज घटनाओं—खत्री ज्वेलर्स में लूट के प्रयास, पेट्रोल पंप पर छिनतई के प्रयास और प्रिया स्टोर संचालक शुभम कुमार की गोली मारकर हत्या—का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, एक जिंदा .315 बोर की गोली तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि 30 जुलाई को शाम लगभग 4:35 बजे अपर बाजार स्थित खत्री ज्वेलर्स में दो अपराधियों द्वारा लूट का प्रयास किया गया। इसके करीब एक घंटे बाद पतराटोली स्थित पेट्रोल पंप पर छिनतई का प्रयास किया गया। इसी दौरान पेट्रोल पंप के समीप निधि कॉम्प्लेक्स में संचालित प्रिया स्टोर के संचालक शुभम कुमार को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल शुभम कुमार को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, जिसमें दो संदिग्धों की पहचान लाल रौशन नाथ शाहदेव (कुरसे, लोहरदगा) और हसमथ राजा (पतागांई, घाघरा, गुमला) के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।

पुलिस ने बताया कि तकनीकी जांच, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), आईपीडीआर और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी की गई। कोई ठोस सुराग नहीं मिलने पर एसपी स्वयं 31 जुलाई की रात करीब 3 बजे तक लोहरदगा थाना में कैंप कर जांच की निगरानी करते रहे और टीम को लगातार दिशा-निर्देश देते रहे।

आखिरकार 1 अगस्त की सुबह तकनीकी इनपुट के आधार पर ग्राम ओयना स्थित एक बंद मकान में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने तीनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई।

पूछताछ में सामने आई यह कहानी

मुख्य आरोपी लाल रौशन नाथ शाहदेव ने पूछताछ में बताया कि वह घटना से लगभग एक सप्ताह पहले खत्री ज्वेलर्स में कान की बाली खरीदने गया था। दुकानदार द्वारा कीमत कम नहीं करने और बाद में सोने की चेन खरीदने के दौरान कथित रूप से अभद्र व्यवहार किए जाने से वह नाराज हो गया। उसके अनुसार, गुस्से में उसने पिस्तौल निकालकर दुकानदार को डराकर चेन ले जाने की कोशिश की, लेकिन दुकानदार ने उसका हथियार छीनकर उसे दुकान से बाहर निकाल दिया।

इसके बाद दोनों आरोपी बड़की चांपी स्थित एक स्थान से देशी कट्टा और गोली लेकर पतराटोली पहुंचे, जहां पेट्रोल पंप पर हथियार के बल पर नकदी लूटने का प्रयास किया। कर्मचारियों के विरोध और शोर मचाने पर वे वहां से भाग निकले और प्रिया स्टोर पहुंचकर संचालक शुभम कुमार को गोली मार दी।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ने पूछताछ में यह भी दावा किया कि उसकी दुश्मनी पूर्व पीएलएफआई कमांडर संदीप भगत से थी तथा उसे संदेह था कि मृतक शुभम कुमार उसकी मुखबिरी करता था। इसी कारण उसने शुभम कुमार की हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में जांच जारी है और सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।

रांची में जारी है छापेमारी

एसपी ने बताया कि घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल की बरामदगी के लिए रांची में पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

बरामद सामान

  • एक देशी कट्टा
  • एक जिंदा .315 बोर की गोली
  • एक रेडमी नोट 11 मोबाइल फोन

मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी लाल रौशन नाथ शाहदेव के खिलाफ नामकुम, लोहरदगा और सेन्हा थाना क्षेत्रों में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट तथा अन्य गंभीर धाराओं के तहत कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

एसपी ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।

 

https://www.unirco-college.in/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}