Advertisement
पश्चिम बंगाल

नवान्न में PWD की उच्चस्तरीय बैठक, विकास परियोजनाओं और सड़क मरम्मत की समीक्षा

सरबजीत सिंह

कोलकाता-कुल्टी: लोक निर्माण विभाग (PWD) के नव-नियुक्त मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार तथा राज्य मंत्री नदिया चांद बाउरी ने नवान्न में विभाग की सचिव अंतरा आचार्य एवं वरिष्ठ अभियंताओं के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान विभाग की विभिन्न प्रस्तावित और प्रगति पर चल रही परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में मंत्रियों ने राज्य के समग्र विकास और “सोनार बांग्ला” के निर्माण के लक्ष्य को साकार करने के लिए विभागीय अधिकारियों से सक्रिय एवं जिम्मेदार भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने सभी विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही, संकल्प पत्र में घोषित विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

डॉ. पोद्दार ने विभाग में रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनहित एवं विकास कार्यों में तेजी लाने तथा आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए मंत्री ने राज्यभर की सड़कों की स्थिति, मरम्मत कार्यों और जनसुरक्षा संबंधी तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश के मौसम में सड़कों पर गड्ढों के कारण आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए क्षतिग्रस्त मार्गों की तत्काल मरम्मत कराई जाए।

बैठक में डॉ. पोद्दार ने अपने विधानसभा क्षेत्र कुल्टी एवं आसपास के इलाकों की जर्जर सड़कों का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने नियामतपुर से डीसारगढ़ स्थित छिन्नमस्तिका मंदिर जाने वाली सड़क, बराकर रेलवे स्टेशन से बराकर-बेगुनिया-पुरुलिया मार्ग, आसनसोल क्षेत्र की प्रमुख सड़कों तथा रानीगंज की खराब सड़क व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि आम जनता को बेहतर सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए विभाग को युद्धस्तर पर कार्य करने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}