धनबाद: राज्यपाल को रोटी बैंक यूथ क्लब के 9वें स्थापना दिवस समारोह का न्योता
22 अगस्त को होगा 9वां स्थापना दिवस समारोह, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने परिस्थितियां अनुकूल रहने पर शामिल होने का दिया आश्वासन

धनबाद । रिपोर्ट-क्षेत्रीय संवाददाता :सामाजिक सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में सक्रिय रोटी बैंक यूथ क्लब आगामी 22 अगस्त 2026 को अपना 9वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित करने जा रहा है। समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
इसी सिलसिले में रोटी बैंक यूथ क्लब के अध्यक्ष रवि शेखर, महुआ दत्ता, रवि सिंह और सरिता सिंह ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की और उन्हें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया।
राज्यपाल ने क्लब के निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए कहा कि परिस्थितियां अनुकूल रहने पर वे 9वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे।
राज्यपाल द्वारा आमंत्रण स्वीकार किए जाने पर रोटी बैंक यूथ क्लब ने खुशी जताई। क्लब की ओर से कहा गया कि राज्यपाल की संभावित उपस्थिति पूरे रोटी बैंक परिवार के लिए गौरव का विषय है। उनका समर्थन और शुभकामनाएं क्लब से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाएंगी तथा समाजसेवा के कार्यों को और मजबूती मिलेगी।
क्लब के नीलकमल खवास ने बताया कि रोटी बैंक यूथ क्लब पिछले नौ वर्षों से जरूरतमंद लोगों तक भोजन और अन्य सहायता पहुंचाने के साथ विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। स्थापना दिवस समारोह के दौरान क्लब की अब तक की सामाजिक यात्रा, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी भी साझा की जाएगी।
राज्यपाल की संभावित उपस्थिति को लेकर क्लब परिवार में उत्साह है। समारोह को यादगार बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।












