
धनबाद: धनबाद जिला प्रशासन आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के जनता दरबार में एक दिव्यांग छात्रा के जीवन को नई दिशा देने वाली मानवीय पहल देखने को मिली। प्रशासन की तत्परता से श्रवण बाधित छात्रा को तत्काल डिजिटल हियरिंग ऐड (कान की मशीन) उपलब्ध कराई गई, जिससे उसकी शिक्षा और दैनिक जीवन की चुनौतियों को कम करने में मदद मिलेगी।
जनता दरबार में धनसार के चाँदमारी निवासी सुधीर कुमार विश्वकर्मा ने उपायुक्त आदित्य रंजन से मुलाकात कर अपनी 17 वर्षीय पुत्री समृद्धि कुमारी की समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री जन्म से ही श्रवण बाधित है, लेकिन तमाम कठिन परिस्थितियों के बावजूद वह वर्तमान में आठवीं कक्षा में अध्ययन कर रही है और आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
सुधीर कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि समृद्धि का उपचार वेलोर स्थित प्रतिष्ठित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (सीएमसी) में कराया गया था। चिकित्सकीय जांच के बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों ने उसकी सुनने की क्षमता में सुधार के लिए डिजिटल हियरिंग ऐड लगाने की सलाह दी थी। हालांकि, दैनिक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले श्री विश्वकर्मा की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं थी कि वे महंगी डिजिटल मशीन खरीद सकें।
आर्थिक अभाव के कारण समृद्धि को पढ़ाई, संवाद और दैनिक गतिविधियों में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। परिवार की इस परेशानी को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन ने मामले में तत्काल हस्तक्षेप किया और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रशासन की सक्रियता के परिणामस्वरूप सभी आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा किया गया और समृद्धि कुमारी को डिजिटल हियरिंग ऐड उपलब्ध करा दिया गया। मशीन मिलने के बाद छात्रा और उसके परिवार के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।
समृद्धि कुमारी एवं उनके पिता ने जिला प्रशासन और उपायुक्त आदित्य रंजन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता से अब समृद्धि को सुनने में काफी सुविधा होगी। इससे उसकी पढ़ाई में सुधार आएगा और वह सामान्य बच्चों की तरह अपनी दैनिक गतिविधियों को अधिक आत्मविश्वास के साथ पूरा कर सकेगी।
इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि जिला प्रशासन जरूरतमंद, दिव्यांग एवं वंचित वर्ग के लोगों की सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। प्रशासन यह प्रयास कर रहा है कि ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन हो, ताकि पात्र लोगों को समय पर सहायता मिल सके।
उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। विशेष रूप से दिव्यांगजनों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है, ताकि वे सम्मानपूर्वक और आत्मनिर्भर जीवन जी सकें।
जनता दरबार में हुई यह पहल न केवल प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि समय पर मिली सहायता किसी व्यक्ति के जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव ला सकती है। समृद्धि कुमारी को मिला डिजिटल हियरिंग ऐड अब उसके बेहतर भविष्य और नई संभावनाओं का माध्यम बनेगा।













