Advertisement
Sankranti-News

रांची में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा

संपादकीय

रांची: जिला निर्वाचन प्रशासन ने मतदाता सूची की शुद्धता और व्यापकता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उपायुक्त की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में अभियान के विभिन्न चरणों की तैयारियों और क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में उपविकास आयुक्त संजय भगत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, परियोजना निदेशक आईटीडीए मनीषा तिर्की, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक सुमन, सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पाण्डेय, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुरभि सिंह, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा रविशंकर मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर बल दिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि Enumeration Form का शत-प्रतिशत वितरण, संग्रहण तथा डिजिटाइजेशन निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए पात्र मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण अत्यंत आवश्यक है। इस दिशा में दावा एवं आपत्ति से संबंधित अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

बैठक में मतदाता सूची से संबंधित दस्तावेजों के सुरक्षित संरक्षण पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि भविष्य में संदर्भ एवं प्रशासनिक उपयोग के लिए सभी Enumeration Form को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संरक्षित किया जाए।

विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTGs) के मतदाताओं को अभियान से जोड़ने के लिए भी विशेष रणनीति तैयार की गई। उपायुक्त ने परियोजना निदेशक, आईटीडीए को निर्देश दिया कि जिले के सभी पीवीटीजी मतदाताओं की शत-प्रतिशत मैपिंग और Enumeration Form संग्रहण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र जनजातीय मतदाता निर्वाचन प्रक्रिया से बाहर न रह जाए।

बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मैपिंग कार्य पूर्ण होने के बाद किए जाने वाले अभिलेखीकरण, दस्तावेज संरक्षण, डेटा प्रबंधन तथा अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी प्रक्रियाएं निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से पूरी की जाएं।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची की सटीकता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। इसलिए अभियान से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा करें। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल कर लोकतांत्रिक भागीदारी को और अधिक सशक्त बनाना है।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अभियान के दौरान नियमित निगरानी, प्रभावी समन्वय तथा समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आगामी चुनावी प्रक्रियाओं के लिए एक त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}